लूटपाट की वारदात देने की फिराक घूम रहा बदमाश गिरफ्तार

0
30

जयपुर। पत्रकार कॉलोनी थाना पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को धारदार चाकू के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सचिवालय विहार निवासी मनीष मालवत (26) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि क्षेत्र में एक संदिग्ध युवक अवैध हथियार लेकर घूम रहा है और किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और घेराबंदी कर आरोपी को मदाऊ के पास धर दबोचा।

तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से एक अवैध चाकू बरामद हुआ। पुलिस ने हथियार को जब्त कर आरोपी को आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से यह पता लगाने में जुटी है कि वह चाकू किस मकसद से लेकर घूम रहा था। पुलिस गिरफ्तार अभियुक्त का अपराधिक रिकॉर्ड खंगालने में जुटी हुई है।

स्मैक तस्कर समेत तीन गिरफ्तार

आगामी निकाय चुनावों को देखते हुए खोह नागोरियान थाना पुलिस ने अवैध गतिविधियों और नशे के खिलाफ अभियान चलाते हुए दो अलग-अलग कार्रवाई कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक आरोपी के कब्जे से 1.30 ग्राम स्मैक और जुआ खेल रहे दो आरोपियों से 8,700 रुपए की नकदी बरामद की है।

पुलिस उपायुक्त (पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि पुलिस टीम ने सर्च अभियान के दौरान 1.30 ग्राम अवैध मादक पदार्थ स्मैक के साथ रवि गुर्जर (21) को गिरफ्तार किया। आरोपी मूल रूप से बामणवास, सवाई माधोपुर का रहने वाला है और वर्तमान में खानियां, ट्रांसपोर्ट नगर में किराए से रह रहा था। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने बसंत विहार इलाके में पैसों का दांव लगाकर ताश से जुआ खेल रहे राशिद (35) निवासी विदिशा, मध्यप्रदेश और चांद खां (36) निवासी बसंत विहार, खोह नागोरियान को गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से 8,700 रुपए की जुआ राशि जब्त की गई। पुलिस ने राजस्थान सार्वजनिक द्यूत अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here