जयपुर। श्री राधा गिरधर लाल जी के श्री वृंदावन में संपन्न हुए विवाह के उपरांत रविवार शाम 6 बजे राजधानी जयपुर के ऐतिहासिक जलेब चौक गोविंद देवजी मंदिर के पास से एक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा श्री शुक संप्रदाय पीठाधीश्वर अलबेली माधुरी शरण महाराज के पावन सान्निध्य में पूरे गाजे-बाजे और लवाजमे के साथ रवाना होगी।
शोभायात्रा के दौरान प्रसिद्ध कथावाचक इंद्रेश उपाध्याय स्वयं ठाकुर श्री गिरधर लाल जी को सुसज्जित रथ में विराजमान कराकर आगे बढ़ेंगे। शोभायात्रा रविवार शाम 6 बजे जलेब चौक से रवाना होकर चांदी की टकसाल,सुभाष चौक होते हुए पानो के दरीबा स्थित श्री सरस निकुंज पहुंचेगी।
श्री सरस निकुंज पहुंचने पर श्री सरस परिकर द्वारा ठाकुर जी का भावभीना स्वागत किया जाएगा। इसके पश्चात महाआरती का आयोजन होगा और श्रद्धालुओं द्वारा पारंपरिक पदों का गायन कर ठाकुर जी को रिझाया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं और सरस परिकर में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।


















