जयपुर। वैशाली नगर थाना इलाके में सिरसी रोड स्थित एक होटल में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे 22 वर्षीय युवक ने आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले युवक ने सोशल मीडिया पर अपनी मौत से संबंधित पोस्ट डाली थी। पोस्ट देखने के बाद उसके चचेरे भाई ने उससे संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन मोबाइल बंद मिलने पर परिचितों के साथ होटल पहुंचकर उसकी तलाश की।
एएसआई मुकेश ने बताया कि मृतक की पहचान जयपुर ग्रामीण के नारायणा निवासी राकेश (22) के रूप में हुई है। राकेश जयपुर में पीजी में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था।
पुलिस के अनुसार राकेश सिरसी रोड स्थित होटल गर्वित में पहुंचा और कमरा लिया था। उसने होटल प्रबंधन को दोस्तों के मिलने आने की बात बताई थी। इसी दौरान उसके चचेरे भाई मंगल चंद को राकेश की ओर से सोशल मीडिया पर डाली गई पोस्ट की जानकारी मिली। पोस्ट में राकेश ने अपनी जिंदगी को लेकर निराशा जाहिर की थी और होटल का नाम-पता भी बताया था।
पोस्ट देखने के बाद मंगल चंद ने राकेश को फोन किया, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। कई बार संपर्क करने के प्रयास के बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। इसके बाद मंगल चंद दो-तीन परिचितों के साथ होटल पहुंचा। होटल प्रशासन से कमरे की जानकारी लेने के बाद उन्होंने कमरे के बाहर से आवाज लगाई और दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर दरवाजा खोलकर देखा गया तो राकेश अचेत अवस्था में मिला।
सूचना पर वैशाली नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कांवटिया अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



















