जयपुर। नाहरगढ़ थाना पुलिस ने अवैध हथियार तस्करी के मामले में 15 माह से फरार चल रहे 15 हजार रुपए के इनामी आरोपी मुनेन्द्र सिंह उर्फ मन्नू (35) निवासी लखनपुर जिला भरतपुर हाल मानसरोवर जयपुर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ अवैध हथियार, चोरी और मारपीट के छह मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसे मानसरोवर स्थित किराए के फ्लैट से पकड़ा। फिलहाल आरोपित से पूछताछ की जा रही है।
डीसीपी जयपुर उत्तर करण शर्मा ने बताया कि 21 मई 2025 को उनियारों के रास्ते स्थित एक मकान में हथियार होने की सूचना पर पुलिस ने दबिश दी थी। जहां मौके से राहुल मीणा और राहुल साहू को गिरफ्तार कर एक देशी कट्टा और आठ जिंदा कारतूस बरामद किए गए थे। इस संबंध में आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
पूछताछ में राहुल मीणा ने बताया था कि जेल में रहने के दौरान उसकी दोस्ती भरतपुर निवासी मुनेन्द्र सिंह से हुई थी। मुनेन्द्र ने खुद को हथियार सप्लायर बताते हुए जेल से बाहर आने पर संपर्क करने को कहा था। बाद में राहुल भरतपुर गया, जहां मुनेन्द्र ने उसे एक देशी कट्टा और आठ कारतूस दिए थे। मामला दर्ज होने के बाद से मुनेन्द्र फरार था।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए थानाधिकारी भंवर सिंह राठौड़ की अगुवाई में विशेष टीम गठित की गई। जिस पर पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी मानसरोवर की पत्रकार कॉलोनी स्थित आदिनाथ अपार्टमेंट के फ्लैट में है। पुलिस ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने राहुल मीणा को कट्टा और कारतूस देने की बात स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार मुनेन्द्र के खिलाफ भरतपुर, करौली, मानसरोवर जयपुर और जीआरपी अलवर में आर्म्स एक्ट, चोरी और मारपीट के छह मामले दर्ज हैं। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाधिकारी भंवर सिंह राठौड़, एसआई गिरधारी लाल, कांस्टेबल विजय कुमार, रविंद्र और सुनील कुमार शामिल रहे। कांस्टेबल विजय कुमार व रविंद्र की विशेष भूमिका रही।



















