ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल को स्कॉर्पियो ने मारी टक्कर

0
46

जयपुर। मानसरोवर थाना इलाके में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी को ब्लैक शीशों वाली स्कॉर्पियो से टक्कर मारकर चालक के फरार होने का मामला सामने आया है। पुलिसकर्मी ने गाड़ी के काले शीशे देखकर उसे रोकने का इशारा किया था। इस पर चालक ने रफ्तार बढ़ा दी और ओवरस्पीड में गाड़ी दौड़ाते हुए कांस्टेबल को टक्कर मार दी। हादसे में कांस्टेबल सड़क पर गिरकर घायल हो गया। टक्कर के बाद चालक स्कॉर्पियो लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने गाड़ी के नंबर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हेड कांस्टेबल घासीराम ने बताया कि जयपुर ट्रैफिक पुलिस दक्षिण में तैनात एएसआई महेश कुमार (53) ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। घटना 8 सितंबर की सुबह करीब 10.15 बजे की है। उस दिन सुबह करीब 8 बजे से एएसआई महेश कुमार और कांस्टेबल बलदेव की ड्यूटी गंगा-जमुना से वेस्टर्न हाईवे तक लगाई गई थी। दोनों पुलिसकर्मी अपने बीट क्षेत्र में स्थित किसान धर्मकांटा पर ड्यूटी कर रहे थे।

इसी दौरान करीब 10.15 बजे बदरवास की तरफ से ब्लैक कलर की स्कॉर्पियो आई। गाड़ी के शीशे काले देखकर कांस्टेबल बलदेव ने उसे रुकने का इशारा किया। आरोप है कि चालक ने रुकने के बजाय स्कॉर्पियो की रफ्तार बढ़ा दी और तेज गति से कांस्टेबल की तरफ गाड़ी दौड़ा दी। इसी दौरान स्कॉर्पियो की टक्कर लगने से कांस्टेबल बलदेव सड़क पर गिरकर घायल हो गया।

इस हादसे के बाद चालक स्कॉर्पियो लेकर मौके से फरार हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने घायल कांस्टेबल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। हादसे में उसके शरीर पर काफी चोटें आईं और उसकी वर्दी भी फट गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने स्कॉर्पियो के नंबर के आधार पर मामला दर्ज कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here