जयपुर। शिवदासपुरा थाना इलाके में दादनपुरा पुलिया के नीचे अंडरपास में भरे पानी में शुक्रवार दोपहर एक युवक का शव मिला। शव करीब दो दिन पुराना बताया जा रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एसडीआरएफ टीम की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला। एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए महात्मा गांधी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है।
थानाधिकारी राजेश गौतम ने बताया कि मृतक की पहचान जगतपुरा कच्ची बस्ती निवासी आशीष बैरवा (26) पुत्र कैलाश बैरवा के रूप में हुई है। आशीष करीब दो दिन पहले घर से निकला था, जिसके बाद वापस नहीं लौटा। शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे दादनपुरा पुलिया के नीचे पानी में लोगों ने युवक का शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
पुलिस ने एसडीआरएफ की मदद से शव को बाहर निकलवाया और एफएसएल टीम से साक्ष्य जुटाए। प्रथमदृष्टया पुलिस अंडरपास में भरे पानी में गिरने से आशीष की मौत होना मान रही है। शव भी करीब दो दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



















