नेपा के 22 प्रशिक्षु अधिकारियों ने किया जयपुर कमिश्नरेट का अध्ययन भ्रमण

0
44

जयपुर। नॉर्थ-ईस्ट पुलिस अकादमी (नेपा), उमसाव, मेघालय से भारत दर्शन अध्ययन भ्रमण के तहत 22 प्रशिक्षु पुलिस अधिकारी मंगलवार को जयपुर कमिश्नरेट पहुंचे। इनमें उपअधीक्षक, निरीक्षक और उपनिरीक्षक स्तर के अधिकारी शामिल थे। जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने प्रशिक्षु अधिकारियों से संवाद कर कमिश्नरेट की कार्यप्रणाली, आधुनिक पुलिसिंग व्यवस्था तथा तकनीक के उपयोग से अपराध नियंत्रण और अनुसंधान की जानकारी दी।

विशेष पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश और अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर (यातायात एवं प्रशासन) प्रदीप मोहन शर्मा ने प्रशिक्षु अधिकारियों को जयपुर कमिश्नरेट के प्रशासनिक ढांचे, विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली और दायित्वों के बारे में विस्तार से बताया। उन्हें विभिन्न पुलिसिंग व्यवस्थाओं और उनके प्रभावी क्रियान्वयन की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया।

अध्ययन भ्रमण के दौरान प्रशिक्षु अधिकारियों को अभय कमांड सेंटर, तकनीक आधारित पुलिसिंग, निगरानी व्यवस्था और आपात परिस्थितियों में त्वरित पुलिस प्रतिक्रिया की कार्यप्रणाली समझाई गई। इसके अलावा नजर एप, पिंक गार्ड एप, बीट प्रणाली, क्षेत्रीय पुलिसिंग तथा आमजन के साथ पुलिस के सतत संपर्क की व्यवस्था की जानकारी दी गई।

प्रशिक्षु अधिकारियों को साइबर सपोर्ट सेंटर का भ्रमण भी कराया गया। यहां साइबर अपराध के नवीनतम रुझानों, साइबर ठगी के बदलते तौर-तरीकों तथा अपराधों की रोकथाम और अनुसंधान में आधुनिक तकनीकों के उपयोग के बारे में जानकारी दी गई।

क्रिप्टो विशेषज्ञों ने क्रिप्टो करेंसी से जुड़े मामलों की जांच, डिजिटल लेनदेन की पड़ताल और साइबर अपराध अनुसंधान में तकनीकी संसाधनों के इस्तेमाल से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी साझा की। प्रशिक्षु अधिकारियों ने जयपुर पुलिस की आधुनिक एवं तकनीक आधारित पुलिसिंग व्यवस्था तथा विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली को समझने में रुचि दिखाई और अधिकारियों के साथ संवाद किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here