गणेश विसर्जन पर पंचक और भद्रा का साया: फिर भी विधि-विधान से होगी बप्पा की विदाई

0
51

जयपुर। अनंत चतुर्दशी पर शुक्रवार को गणेशोत्सव का समापन होगा और घरों व सार्वजनिक पंडालों में विराजमान गणपति की विधि-विधान से विदाई की जाएगी। मान्यता है कि विसर्जन बप्पा को विदाई देने और अगले वर्ष फिर आने की प्रार्थना का प्रतीक है। इस बार विसर्जन के दिन पंचक, भद्रा और शूल योग का संयोग रहेगा। जयपुर पंचांग के अनुसार 25 सितंबर को चतुर्दशी तिथि रात 11.07 बजे तक रहेगी और शूल योग दोपहर करीब 2.50 बजे तक रहेगा।

पंडित बनवारी लाल शर्मा ने बताया कि चंद्रमा के धनिष्ठा, शतभिषा, पूर्वाभाद्रपद, उत्तराभाद्रपद और रेवती नक्षत्रों में गोचर की पांच दिन की अवधि को पंचक कहा जाता है। पंचांग के अनुसार इस बार पंचक 23 सितंबर की रात से 28 सितंबर की सुबह तक रहेगा। ऐसे में 25 सितंबर को गणेश विसर्जन पंचक काल में होगा।

उत्सव संबंधी अनुष्ठान पर पंचक के सामान्य नियम नहीं

ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार पंचक के दौरान कुछ विशेष कार्यों पर रोक मानी जाती है, लेकिन धार्मिक विद्वानों के अनुसार गणेश विसर्जन जैसे निर्धारित धार्मिक अनुष्ठान पर पंचक के सामान्य नियम उसी तरह लागू नहीं होते। अनंत चतुर्दशी पर गणेशजी का विसर्जन परंपरानुसार किया जाता है। 25 सितंबर को ही अनंत चतुर्दशी और गणेश विसर्जन का पर्व है।

पहले पूजा-अर्चना, फिर बप्पा को विदाई

विसर्जन से पहले भगवान गणेश की विधि-विधान से पूजा और आरती की जाएगी। उन्हें फूल, दूर्वा, फल, मोदक और परंपरा के अनुसार नैवेद्य अर्पित कर सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की जाएगी। इसके बाद श्रद्धालु गणपति प्रतिमा को विसर्जन के लिए ले जाएंगे।

सुबह से दोपहर तक कई शुभ चौघड़िया

जयपुर के पंचांग के अनुसार गणेश विसर्जन के लिए सुबह का चरा, लाभ और अमृत मुहूर्त करीब सुबह 6.17 से 10.48 बजे तक रहेगा। इसके बाद शुभ चौघड़िया दोपहर 12.18 से 1.49 बजे तक रहेगा। शाम को भी चरा मुहूर्त 4.50 से 6.20 बजे तक रहेगा। अलग-अलग पंचांगों में स्थानीय गणना के कारण कुछ मिनट का अंतर हो सकता है।

शूल योग भी रहेगा

25 सितंबर को शूल योग भी रहेगा, जिसे ज्योतिष में अशुभ योग माना जाता है। जयपुर के पंचांग के अनुसार यह योग दोपहर करीब 2.50 बजे तक रहेगा। इसके बावजूद अनंत चतुर्दशी के निर्धारित धार्मिक अनुष्ठान के तहत श्रद्धालु शुभ समय में गणपति की विदाई करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here