गायत्री परिवार के ऑनलाइन यज्ञ में देश-विदेश से जुड़े 700 श्रद्धालु

0
31
Gayatri Pariwar launched a one-year national centenary resolution campaign.
Gayatri Pariwar launched a one-year national centenary resolution campaign.

जयपुर। पूर्णिमा के पावन अवसर पर शनिवार को शांतिकुंज गायत्री परिवार की ओर से विशेष ऑनलाइन यज्ञ का आयोजन किया गया। इस वैश्विक कार्यक्रम में देश और विदेश के 130 विभिन्न स्थानों से लगभग 700 गायत्री परिजनों ने अपने-अपने घरों से ऑनलाइन सहभागिता निभाते हुए वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आहुतियां अर्पित कीं।

यज्ञ के दौरान वंदनीया माताजी के महाप्रयाण के संदर्भ में चलाए जा रहे ‘जन्मशताब्दी अभियान’ के तहत आगामी कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाने का सामूहिक संकल्प भी दोहराया गया।

तकनीक के माध्यम से आयोजित इस ऑनलाइन यज्ञ में वैश्विक स्तर पर भारी उत्साह देखने को मिला। चीन, ऑस्ट्रेलिया (मेलबोर्न व सिडनी), अमेरिका (टेक्सास, इंडियाना, न्यूजर्सी व शिकागो), दक्षिण अफ्रीका और मलेशिया से प्रवासी भारतीय परिजनों ने भाग लिया।

राजस्थान के अलावा दिल्ली, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, झारखंड, छत्तीसगढ़, कर्नाटक और बिहार के कई जिलों से श्रद्धालु जुड़े। राजस्थान में शाहपुरा, दूदू, चाकसू और नीमकाथाना सहित विभिन्न तहसील मुख्यालयों से परिजनों ने यज्ञ में उपस्थिति दर्ज कराई।

कार्यक्रम के दौरान प्रांतीय जोनल समन्वयक ओमप्रकाश अग्रवाल एवं प्रांतीय सह समन्वयिका गायत्री कचोलिया ने परिजनों को संबोधित किया। उन्होंने जन्मशताब्दी वर्ष के अंतर्गत चलाए जा रहे लोक-कल्याणकारी अभियानों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में साहिबगंज (झारखंड) से आकांक्षा ने सभी श्रद्धालुओं को संकल्प का पठन कराया, जिसके बाद सभी परिजनों ने एक साथ आहुतियां प्रदान कर अभियान को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here