कैंसर से जंग लड़ रहे नन्हे योद्धाओं के चेहरों पर खिले मुस्कान के रंग

0
44

जयपुर। बाल कैंसर जागरूकता माह के अवसर पर भगवान महावीर कैंसर हॉस्पिटल में शनिवार को कैंसर केयर (वुमन विंग) एवं पीडियाट्रिक ऑन्कोलॉजी विभाग की ओर से ‘द हीरोज’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कैंसर से जूझ रहे बच्चों में सकारात्मकता, उत्साह और खुशियां बांटने के साथ उनके साहस को सम्मानित करना था।

कार्यक्रम में बॉलीवुड सिंगर रवीन्द्र उपाध्याय मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने संगीत प्रस्तुतियों से बच्चों का मनोरंजन किया और उनके साथ समय बिताकर उत्साह बढ़ाया। उनकी प्रस्तुतियों पर बच्चे, अभिभावक और अस्पताल स्टाफ भी झूम उठे। उपचाररत बच्चों के लिए मैजिक शो भी आयोजित किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साह से भाग लिया। बच्चों के चेहरों पर खिली मुस्कान आयोजन का आकर्षण रही।

चिकित्सालय की वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं कैंसर केयर की अध्यक्षा अनिला कोठारी ने बताया कि बाल कैंसर रोगियों के लिए अस्पताल में नियमित रूप से ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इनका उद्देश्य यह संदेश देना है कि कैंसर से लड़ रहे बच्चे केवल मरीज नहीं, बल्कि साहस और उम्मीद की प्रेरणादायी मिसाल हैं।

चिकित्सालय के अधिशासी निदेशक मेजर जनरल एससी पारीक ने बताया कि बाल कैंसर जागरूकता माह के तहत शहर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम किए गए। विद्यार्थियों ने पोस्टर भी बनाए, जिनमें चयनित पोस्टरों को कार्यक्रम में प्रदर्शित किया गया।

पीडियाट्रिक ऑन्कोलॉजी विशेषज्ञ ने कहा कि बाल कैंसर की समय पर पहचान और उचित उपचार बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है। अस्पताल में उपचार के साथ बच्चों और उनके परिवारों को भावनात्मक सहयोग एवं सकारात्मक वातावरण देने पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है। कार्यक्रम में चिकित्सालय के वरिष्ठ अधिकारी, चिकित्सक और अन्य सदस्य मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here