कंपनी की रकम हड़पने वाला आईटी हेड गाजियाबाद से गिरफ्तार

0
49

जयपुर। सेज थाना पुलिस टीम ने कंपनी की राशि के कथित गबन और धोखाधड़ी के मामले में करीब तीन माह से फरार चल रहे आरोपी को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। आरोपी देवेंद्र सिंह राठौड़ अजयपुरा, एसईजेड स्थित दिलीप क्राफ्ट्स प्राइवेट लिमिटेड में आईटी हेड के पद पर कार्यरत था।

आरोप है कि उसने आईटी से संबंधित सॉफ्टवेयर और अन्य सामग्री की खरीद के लिए तैयार किए गए फर्जी एवं वास्तविक बिलों की राशि वास्तविक वेंडरों को भुगतान करने के बजाय अपने तथा अपने परिचितों के बैंक खातों में ट्रांसफर करवा दी।

पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि आरोपी को गाजियाबाद से डिटेन करने के बाद विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद उसे पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। रिमांड के दौरान आरोपी से गबन की राशि की बरामदगी और मामले में शामिल अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

डीसीपी पश्चिम के अनुसार दिलीप क्राफ्ट्स प्राइवेट लिमिटेड, अजयपुरा (एसईजेड, जयपुर) के एचआर मैनेजर देवरत सिंह ने 5 जून 2026 को सेज थाने में लिखित रिपोर्ट दी थी कि कंपनी में आईटी हेड के पद पर कार्यरत देवेन्द्र सिंह राठौड़ आईटी कार्यों के लिए खरीदे गए सॉफ्टवेयर और अन्य उपकरणों के बिल कंपनी से पास करवाता था।

इसके बाद बिलों की राशि संबंधित वास्तविक विक्रेताओं को भुगतान करने के बजाय अपने और अपने सहयोगियों के बैंक खातों में ट्रांसफर करवा लेता था। इस तरह कंपनी की रकम का गबन किए जाने का आरोप लगाया गया।

इधर मामले की गंभीरता को देखते हुए सेज थानाधिकारी उदयसिंह के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और आसूचना तंत्र के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान आरोपी के गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश में होने की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम ने वहां दबिश दी और देवेंद्र सिंह राठौड़ को डिटेन कर लिया।

पूछताछ और आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे गिरफ्तार किया गया। अब उससे कंपनी से गबन की गई कुल राशि, रकम के लेनदेन, बैंक खातों और इस पूरी धोखाधड़ी में शामिल अन्य सहयोगियों के बारे में पूछताछ की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here