जयपुर। नगर निगम जयपुर के महापौर सुनील कोठारी ने पदभार ग्रहण करने के साथ ही शहर की स्वच्छता, सौन्दर्यीकरण और विरासत संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए सोमवार को तालकटोरा और पौंडरिक पार्क का निरीक्षण किया। महापौर ने नगर निगम, स्मार्ट सिटी के अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ मौके पर पहुंचकर सफाई एवं रखरखाव व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक सुधार के लिए अधिकारियों को तत्काल निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान तालकटोरा और पौंडरिक पार्क में सफाई व्यवस्था, टूटे फव्वारों, क्षतिग्रस्त चबूतरों सहित अन्य जर्जर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया। महापौर ने टूटे फव्वारों और चबूतरों की मरम्मत सहित आवश्यक रखरखाव कार्य प्राथमिकता से करवाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शहर के प्रमुख उद्यानों और पर्यटन स्थलों की सुंदरता केवल उनके स्वरूप से नहीं, बल्कि बेहतर स्वच्छता, रखरखाव और नागरिक सुविधाओं से भी सुनिश्चित होती है। महापौर ने तालकटोरा की वर्तमान व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए विशेष स्वच्छता एवं सौन्दर्यीकरण अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से तालकटोरा को व्यवस्थित और आकर्षक बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार करने को कहा। साथ ही ऐतिहासिक स्थल पर नाव संचालन की संभावनाएं तलाशने के भी निर्देश दिए, ताकि इसे पर्यटन की दृष्टि से और अधिक आकर्षक बनाया जा सके।
महापौर ने कहा कि जयपुर अपनी समृद्ध संस्कृति, ऐतिहासिक विरासत और स्थापत्य के लिए देश-दुनिया में जाना जाता है। ऐतिहासिक धरोहरों, उद्यानों और पर्यटन स्थलों की स्वच्छता एवं सुंदरता बनाए रखना सामूहिक जिम्मेदारी है। नगर निगम का प्रयास रहेगा कि शहरवासियों और जयपुर आने वाले पर्यटकों को स्वच्छ, सुंदर और बेहतर नागरिक सुविधाओं वाला वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
इससे पहले महापौर ने सोमवार अलसुबह काले हनुमान जी मंदिर, गोविन्द देव जी मंदिर, श्री गोपीनाथ जी मंदिर और चांदपोल हनुमान जी मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसरों और आसपास के क्षेत्रों की स्वच्छता व्यवस्था का भी जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों को मंदिरों और आसपास के क्षेत्रों में नियमित एवं प्रभावी सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सांसद (शहरी) मंजू शर्मा, स्थानीय पार्षद सतीश शर्मा, रेणु खंडेलवाल और भगवती महावर सहित नगर निगम, स्मार्ट सिटी और संबंधित जोन के अधिकारी मौजूद रहे।



















