जयपुर। जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल (जेएलएफ) का 12वां अंतरराष्ट्रीय संस्करण जेएलएफ कोलोराडो 2026 अमेरिका के बोल्डर पब्लिक लाइब्रेरी में आयोजित हुआ। दो दिवसीय आयोजन में दुनियाभर के लेखकों, कलाकारों, इतिहासकारों और विचारकों ने साहित्य, इतिहास, पहचान, कला और मानवीय संवेदनाओं से जुड़े विषयों पर विचार साझा किए।
बेस्टसेलिंग उपन्यासकार मनिल सूरी ने अपने संस्मरण ए रूम इन बॉम्बे के माध्यम से बचपन, परिवार और धार्मिक एवं क्षेत्रीय तनावों से जुड़े अनुभव साझा किए। पुरस्कार विजेता अनीशिनाबे पत्रकार तान्या तालागा और नताली एवलोस ने आवासीय स्कूलों, ‘इंडियन अस्पतालों’ और उनके पीढ़ीगत प्रभावों पर चर्चा की।
आर्ट इन द टाइम्स ऑफ वॉर सत्र में नादिन ताकवोरियन, एंड्रयू फिआल्का और एंडरसन कारमैन ने इतिहासकार पेट्रीशिया लिमरिक के साथ युद्ध, हिंसा और संघर्षों को चित्रित करने में कला एवं ग्राफिक आख्यानों की भूमिका पर विचार रखे।
आयोजक टीमवर्क आर्ट्स के अनुसार, जेएलएफ यूएसए का 2026 में नॉर्थ कैरोलिना, सीएटल, कोलोराडो, न्यूयॉर्क और ह्यूस्टन के अलावा पहली बार लॉस एंजिल्स तक विस्तार हुआ है। आयोजनों में भारतीय दूतावासों और विभिन्न वैश्विक सांस्कृतिक संस्थाओं का सहयोग है। जयपुर में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला जेएलएफ अब अमेरिका के साथ ब्रिटेन, कनाडा, स्पेन, मालदीव और ऑस्ट्रेलिया तक अपनी वैश्विक पहचान बना चुका है।



















