आमेर रोड विकास समिति की बैठक में विकास कार्यों और आगामी योजनाओं पर चर्चा

0
47

जयपुर। आमेर रोड विकास समिति की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को आमेर रोड स्थित जयपुर हेरिटेज होटल में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष गिरधारी लाल शर्मा ने की। शुरुआत में पिछली बैठक की कार्यवाही की पुष्टि की गई। इसके बाद समिति के सुचारू संचालन, क्षेत्र से जुड़े विकास कार्यों और आगामी लक्ष्यों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रमाकांत शर्मा एडवोकेट और दौलत त्रिलोकानी ने बताया कि पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों के संबंध में संबंधित विभागों को पत्राचार किया जा चुका है। बैठक में आने वाले दिनों में प्रस्तावित कार्यक्रमों की जानकारी भी सदस्यों के साथ साझा की गई।

विशेष बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में वार्ड 139 की पार्षद रेणु खंडेलवाल और उनके पति गिरिराज खंडेलवाल उपस्थित रहे। बैठक में समिति की ओर से क्षेत्र के विकास कार्यों और आगामी योजनाओं पर चर्चा की गई। समिति सदस्यों ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
समिति अध्यक्ष गिरधारीलाल शर्मा ने कहा कि समिति ने हमेशा एकजुटता, समर्पण और सामूहिक प्रयास की भावना के साथ काम किया है। समिति की वर्तमान स्थिति सदस्यों के निरंतर सहयोग और सुझावों का परिणाम है।

समिति महामंत्री दिनेश गुप्ता ने सदस्यों की सक्रिय भागीदारी और आपसी तालमेल को समिति की सफलता का आधार बताया। उन्होंने वैदिक सूक्त “समानो मंत्र: समिति: समानी” का उल्लेख करते हुए कहा कि सभी के विचार, संकल्प और उद्देश्य एक हों तो समिति अपने लक्ष्यों को प्रभावी ढंग से प्राप्त कर सकती है।

समिति कोषाध्यक्ष दीपक गोयल ने कहा कि किसी भी संस्था को ऊंचाई तक पहुंचाने के लिए लगातार मेहनत, ईमानदारी और निष्ठा से काम करना जरूरी है। निरंतर प्रयासों से संस्था के प्रति लोगों में विश्वास और सम्मान बढ़ता है।

बैठक के बाद समिति सदस्यों ने वार्ड 135 के पार्षद विमल अग्रवाल का साफा पहनाकर और माल्यार्पण कर सम्मान किया। इसके बाद वार्ड 140 के पार्षद भूपेंद्र मीणा का भी साफा पहनाकर एवं माल्यार्पण कर अभिनंदन किया गया। बैठक में समिति के अध्यक्ष गिरधारीलाल शर्मा, महामंत्री दिनेश गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दौलत त्रिलोकानी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here