सांगानेर थाने में स्पेशल पुलिस कमिश्नर ने ली सीएलजी व युवा सीएलजी की बैठक

0
53
Special Police Commissioner holds meeting with CLG and Youth CLG at Sanganer Police Station.
Special Police Commissioner holds meeting with CLG and Youth CLG at Sanganer Police Station.

जयपुर। सांगानेर थाना परिसर में मंगलवार को स्पेशल पुलिस कमिश्नर जयपुर ओमप्रकाश पासवान की अध्यक्षता में सीएलजी और युवा सीएलजी सदस्यों की बैठक हुई। बैठक में क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, आमजन की सुरक्षा, पुलिस गश्त, नशाखोरी, महिला अपराध, साइबर अपराध और यातायात व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।

सीएलजी सदस्यों ने क्षेत्र की जमीनी समस्याएं पुलिस अधिकारियों के सामने रखते हुए पुलिस गश्त बढ़ाने की जरूरत बताई। बैठक में पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व रंजीता शर्मा, सांगानेर सहायक पुलिस आयुक्त दीपक कुमार खंडेलवाल और सांगानेर थानाधिकारी हरबेंदर सिंह सहित सीएलजी व युवा सीएलजी सदस्य मौजूद रहे।

स्पेशल कमिश्नर ओमप्रकाश पासवान ने कहा कि आपात स्थिति में पुलिस की त्वरित सहायता के लिए 112 का इस्तेमाल किया जाए। वहीं साइबर ठगी या ऑनलाइन धोखाधड़ी होने पर बिना देरी किए 1930 साइबर हेल्पलाइन पर सूचना देने की अपील की। उन्होंने कहा कि समय पर सूचना मिलने से ठगी की रकम को होल्ड कराने की कार्रवाई में मदद मिल सकती है।

उन्होंने राजस्थान पुलिस के राजकॉप सिटीजन ऐप की जानकारी भी दी। उन्होंने सीएलजी सदस्यों से अपील की कि वे क्षेत्र के लोगों को ऐप डाउनलोड करने और इसके माध्यम से उपलब्ध पुलिस सेवाओं का उपयोग करने के लिए जागरूक करें।

बैठक में सोशल मीडिया के जिम्मेदार इस्तेमाल पर भी जोर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि किसी भी भ्रामक, भड़काऊ या असत्यापित पोस्ट को बिना पुष्टि किए लाइक, कमेंट या शेयर नहीं करें। अफवाह फैलाने वाली सामग्री से दूरी बनाए रखने की अपील की गई।
सड़क दुर्घटनाओं में गंभीर रूप से घायल लोगों को समय पर अस्पताल पहुंचाने और आवश्यक चिकित्सकीय उपचार दिलाने को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में प्रधानमंत्री राहत योजना के तहत सड़क हादसों में घायलों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने के संबंध में जानकारी दी गई।

सीएलजी सदस्यों के साथ क्षेत्र में नशाखोरी, महिला अपराध और साइबर अपराध की रोकथाम को लेकर भी चर्चा हुई। बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए यातायात व्यवस्था सुधारने में सीएलजी सदस्यों के सहयोग पर भी मंथन किया गया। पुलिस और आमजन के बीच समन्वय मजबूत कर क्षेत्र की कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here