जयपुर। संसार चंद्र रोड स्थित दरगाह मीर कुर्बान अली में हजरत अनवार उर रहमान नियाजी बिस्मिल रहमतुल्लाह अलैह का 81वां उर्स कुल की रस्म के साथ संपन्न हुआ। दो दिवसीय उर्स में कुरआन ख्वानी, मिलाद शरीफ, चादर पेशी और देर रात तक महफिल-ए-समां व कव्वाली का आयोजन हुआ। देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए जायरीनों ने मुरादों की चादरें पेश कीं।
सज्जादा नशीन डॉ. सैय्यद हबीबुर्रहमान नियाजी ने बताया कि उर्स में सैकड़ों जायरीन शामिल हुए। पूर्व मंत्री रामकिशोर सैनी, विधायक आमीन कागजी, विधायक रफीक खान सहित कई जनप्रतिनिधियों व गणमान्य लोगों ने चादर पेश की।
नायाब सज्जादा नशीन सैय्यद फैज उर रहमान नियाजी ने कहा कि दरगाह गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल है, जहां सभी धर्मों के लोग श्रद्धा से पहुंचते हैं। मुराद पूरी होने पर मुरीदों ने बच्चों को फल व मिठाई से भी तौला। तीसरे दिन गौस पाक के नाम पर मन्नत के चिराग उठाने की रस्म होगी।


















