एकजुट कांग्रेस पंचायत चुनाव में जीत दर्ज करेगी और अगली बार कांग्रेस की सरकार बनेगी: गहलोत

0
52

जयपुर। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राजस्थान कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है और पंचायती राज चुनाव में इसी एकता के साथ मैदान में उतरेगी। उन्होंने दावा किया कि अगली बार प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने से कोई नहीं रोक सकता।

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में मीडिया से बातचीत में गहलोत ने हालिया निकाय चुनावों को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि चुनाव में आजादी के बाद पहली बार ऐसी गुंडागर्दी देखने को मिली। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ईमानदार हैं तो पंचायत चुनाव में बाड़ाबंदी पर पूर्ण प्रतिबंध लगाएं।

गहलोत ने कहा कि निकाय चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के वोट प्रतिशत में केवल 0.94 प्रतिशत का अंतर रहा। उनके अनुसार जयपुर और जोधपुर में कांग्रेस करीब 15-15 हजार वोटों से आगे रही। उन्होंने कहा कि महापौर का चुनाव सीधे होता तो इन शहरों में कांग्रेस के महापौर बनते।

पंचायत चुनाव की तैयारियों को लेकर बैठक में गहलोत ने जिला अध्यक्षों, प्रभारियों और कार्यकर्ताओं से प्रदेश की एकता को जिलों, ब्लॉकों और गांवों तक ले जाने का आह्वान किया। उन्होंने टिकट वितरण में स्थानीय स्तर पर जीत की क्षमता को प्राथमिकता देने और गुटबाजी से दूर रहने की बात कही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here