जयपुर। शिवसेना के राजस्थान राज्य प्रमुख पदम जैन ने पद्मश्री अभिनेता एवं समाजसेवी नाना पाटेकर के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की। नाना पाटेकर का गुरुवार को 75 वर्ष की उम्र में गोवा में हृदयाघात के बाद निधन हो गया।
जैन ने कहा कि नाना पाटेकर ने अभिनय के क्षेत्र में अलग पहचान बनाई और पद्मश्री सहित कई सम्मान हासिल किए। उन्होंने सर्वश्रेष्ठ अभिनेता, सहायक अभिनेता और खलनायक की श्रेणियों में फिल्मफेयर पुरस्कार भी जीते। जैन ने कहा कि नाना पाटेकर की पहचान केवल दमदार अभिनय तक सीमित नहीं थी, बल्कि उन्होंने किसानों और ग्रामीणों के लिए भी उल्लेखनीय काम किया।
उन्होंने बताया कि नाना पाटेकर ने 2015 में ‘नाम फाउंडेशन’ की शुरुआत की थी। इसके माध्यम से किसान आत्महत्या से प्रभावित परिवारों की मदद, गांवों में जल संरक्षण, खेती को सहारा देने और ग्रामीणों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए काम किया गया। जैन ने कहा कि नाना पाटेकर की सादगी और गांव, खेत तथा मिट्टी से जुड़ाव उनके व्यक्तित्व की खास पहचान रही।
शिवसेना राजस्थान इकाई की ओर से जैन ने नाना पाटेकर के निधन को कला और समाजसेवा के क्षेत्र की अपूरणीय क्षति बताते हुए शोक व्यक्त किया।



















