सिटी पैलेस में प्रदर्शनी के साथ स्टूडियो इंटेंसिव का आयोजन

0
62

जयपुर। जयपुर सेंटर फॉर आर्ट (जेसीए) ने आरएमज़ेड फाउंडेशन के सहयोग से राजस्थान के युवा कलाकारों के लिए आयोजित एक माह लंबे मेंटरशिप कार्यक्रम ‘स्टूडियो इंटेंसिव’ का समापन सिटी पैलेस में प्रदर्शनी ‘बिटवीन अराइवल्स’ के साथ किया जाएगा। प्रदर्शनी में कार्यक्रम के दौरान तैयार की गई युवा कलाकारों की कलाकृतियां प्रदर्शित की जाएंगी।

कार्यक्रम के तहत राजस्थान के 19 उभरते कलाकारों को एक माह तक स्टूडियो अभ्यास और मार्गदर्शन के साथ कला जगत के विभिन्न विशेषज्ञों से संवाद का अवसर मिला। कलाकारों के साथ क्यूरेटर, कला संग्राहक, गैलरिस्ट और लेखकों ने भी संवाद किया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवा कलाकारों को रचनात्मक अभ्यास के साथ कला जगत की व्यावहारिक समझ और व्यापक मंच उपलब्ध कराना रहा।

जयपुर सेंटर फॉर आर्ट के सह-संस्थापक एचएच महाराजा सवाई पद्मनाभ सिंह ने कहा कि यह प्रदर्शनी जेसीए के लिए विशेष है। पहली बार जयपुर के स्थानीय कलाकार समुदाय को अपनी कला प्रस्तुत करने के साथ गैलरी परिसर में उसे विकसित करने का अवसर मिला है।

उन्होंने कहा कि जेसीए की दूसरी वर्षगांठ के करीब पहुंचने के दौरान ‘स्टूडियो इंटेंसिव’ सबसे सार्थक कार्यक्रमों में से एक रहा। इसके माध्यम से युवा कलाकारों को एक-दूसरे से जुड़ने, अनुभव साझा करने और सिटी पैलेस आने वाले दर्शकों के सामने अपनी कला प्रस्तुत करने का मंच मिला। उन्होंने आरएमज़ेड फाउंडेशन के सहयोग के लिए आभार जताते हुए कार्यक्रम में शामिल कलाकारों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here