दीपावली पर जगमगाएगा जयपुर: स्वच्छता के लिए दुकानों के बाहर रखने होंगे दो डस्टबिन

0
56

जयपुर। दीपावली पर जयपुर को स्वच्छ, सुंदर और रोशनी से जगमग बनाने के लिए नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। महापौर सुनील कोठारी ने 9 अक्टूबर को 30 से अधिक व्यापार मंडलों के पदाधिकारियों के साथ दो घंटे से अधिक समय तक बैठक कर पर्व के दौरान सफाई, सड़क मरम्मत, विद्युत व्यवस्था, अग्निशमन, पेड़ों की छंटाई और निराश्रित पशुओं के प्रबंधन सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

बैठक में उपमहापौर सरोज कंवर, अतिरिक्त आयुक्त नरेंद्र कुमार बंसल, जोन एवं मुख्यालय के उपायुक्त और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

हर दुकान के बाहर होंगे गीले-सूखे कचरे के डस्टबिन

महापौर ने व्यापार मंडलों से अपील की कि इस दीपावली पर हर वार्ड, गली-मोहल्ले और दुकान में स्वच्छता का संकल्प लिया जाए। प्रत्येक दुकानदार अपनी दुकान के बाहर गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन रखे। खुले में कचरा नहीं फेंका जाए और सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल बंद किया जाए।

उन्होंने बाजारों में अवैध होर्डिंग, बैनर और पोस्टर नहीं लगाने तथा सड़क, फुटपाथ और बरामदों पर अतिक्रमण नहीं करने की अपील की। महापौर ने कहा कि सड़कें और फुटपाथ आमजन के आवागमन के लिए हैं, इसलिए व्यापारियों को अतिक्रमण रोकने में भी सहयोग करना चाहिए।

चारदीवारी में सफाई के लिए लगेंगे अतिरिक्त संसाधन

महापौर ने चारदीवारी क्षेत्र में सफाई के लिए अतिरिक्त संसाधन और कर्मचारियों की तैनाती के निर्देश दिए। इसके साथ ही पेड़ों की कटाई-छंटाई, सड़क के गड्ढों की मरम्मत, फेरो कवर दुरुस्त करने, बाजारों में संकेतक बोर्ड लगाने, मूत्रालयों की व्यवस्था करने और अवैध अतिक्रमण हटाने के निर्देश भी दिए। सड़कों पर घूमने वाले निराश्रित पशुओं को पकड़ने के लिए संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई करने को कहा।

11 दिन तक निःशुल्क स्वागत द्वार लगा सकेंगे पंजीकृत व्यापार मंडल

महापौर ने बताया कि दीपावली के अवसर पर पंजीकृत व्यापार मंडल 11 दिन तक निःशुल्क स्वागत द्वार लगा सकेंगे। हालांकि, स्वागत द्वार मजबूत होने चाहिए और उनसे यातायात या आमजन के आवागमन में बाधा नहीं आनी चाहिए।

पटाखा दुकानों पर अग्निशमन सुरक्षा जरूरी

दीपावली के दौरान अग्निशमन व्यवस्था के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की जाएगी। जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई के लिए अग्निशमन विभाग की ओर से ऑन-कॉल अलर्ट व्यवस्था भी लागू की जाएगी। पटाखों की दुकानों पर अग्निशामक यंत्र रखना और सुरक्षा मानकों का पालन करना अनिवार्य होगा। बाजारों में की जाने वाली सजावटी रोशनी के दौरान बिजली के तार पूरी तरह सुरक्षित और ढके हुए होने चाहिए, ताकि किसी दुर्घटना की आशंका न रहे।

बेहतर रोशनी वाले बाजार होंगे सम्मानित

महापौर ने बाजारों में आकर्षक रोशनी और सजावट को प्रोत्साहित करने के लिए प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बाजारों को सम्मानित करने की घोषणा की। बैठक में जयपुर व्यापार महासंघ के अध्यक्ष सुभाष गोयल, सुरेश सैनी सहित न्यू सांगानेर, अजमेर रोड, घी वालों का रास्ता, महेश नगर, घाटगेट, चांदपोल, जौहरी बाजार, गणगौरी बाजार और किशनपोल बाजार सहित 30 से अधिक व्यापार मंडलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

महापौर ने व्यापारियों से आह्वान किया कि वे नगर निगम के साथ मिलकर स्वच्छता और सुरक्षा के संकल्प को पूरा करें, ताकि दीपावली पर जयपुर का हर बाजार रोशन और हर गली स्वच्छ नजर आए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here