जयपुर। । सर्वोजनिन पूजा उत्सव समिति, मुरलीपुरा की ओर से इस वर्ष शारदीय नवरात्र पर आयोजित होने वाले दुर्गा पूजा महोत्सव की तैयारियों का शुभारंभ पारंपरिक ‘खूंटी पूजा’ के साथ कर दिया गया है। उत्सव समिति का यह पांचवां वर्ष है, जो अपनी भव्यता और अनूठी थीम के लिए शहरभर में खास पहचान रखता है।
समिति के सचिव समीर दंडपाट ने बताया कि पिछले चार वर्षों में समिति ने हर बार एक अलग और भव्य पंडाल सजाकर जयपुरवासियों का दिल जीता है। पहले वर्ष में समिति की ओर से लोटस टेम्पल, दूसरे वर्ष में डिज्रीलैंड ,तीसरे वर्ष में स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी , व चौथे वर्ष में जंगल थीम पर मां की झांकी सजाई गई ।
दंडपाट ने जानकारी दी कि उत्सव के पांचवें वर्ष का सबसे बड़ा आकर्षण रोली-मोली (लाल धागे) से बना अनोखा पंडाल होगा, जो जयपुर में पहली बार देखने को मिलेगा। लाखों लाल धागों को आपस में बुनकर मां दुर्गा का यह अलौकिक दरबार तैयार किया जा रहा है, जो आस्था और कला का अद्भुत संगम होगा।
यह भव्य दुर्गा पूजा महोत्सव 16 से 21 अक्टूबर तक कृष्णा पैलेस मैरिज गार्डन, मुरलीपुरा में आयोजित किया जाएगा। इस दौरान कई सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रमों की धूम रहेगी। 17 और 18 अक्टूबर को विशेष डांडिया रात्रिका आयोजन होगा।
19 अक्टूबर को होने वाली संगीत संध्या में प्रसिद्ध भजन गायक भूषण शर्मा परीख, रश्मि बालोदिया, फतेह अली, सूरी देबाना और सोनिया शर्मा अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से मां के दरबार में हाजिरी लगाएंगे। खूंटी पूजा के इस पावन अवसर पर समिति के सभी सदस्य, महिला मंडल की पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित रहे, जिन्होंने महोत्सव की सफलता के लिए मां दुर्गा से प्रार्थना की।



















