जयपुर। नारायण विहार इलाके में आकाश होटल एंड रेजिडेंसी के बाहर पार्किंग में खड़ी महिंद्रा थार का लॉक तोड़कर दो अज्ञात युवक चार लाख रुपए नकद और जरूरी दस्तावेजों से भरा बैग चोरी कर ले गए। घटना 9 अक्टूबर की रात की है। पीड़ित की रिपोर्ट पर नारायण विहार थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार सीकर जिले के थोई थाना क्षेत्र के ढाणी ढबास गांव निवासी प्रकाश फुलपकर (33) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी महिंद्रा थार 9 अक्टूबर की रात आकाश होटल एंड रेजिडेंसी नारायण विहार के बाहर पार्किंग में खड़ी थी। अगले दिन सुबह मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए दो अज्ञात युवकों ने गाड़ी का लॉक तोड़ा और अंदर रखा काले रंग का बैग व कार्ड होल्डर लेकर फरार हो गए।
बैग में चार लाख रुपए नकद, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, गाड़ी के मूल दस्तावेज और अन्य कीमती सामान रखा था। पीड़ित ने 10 अक्टूबर को रात 9:37 बजे थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी है।



















