गरबा उत्सव में युवतियों पर अश्लील टिप्पणियां करने वाला युवक गिरफ्तार

0
40

जयपुर। नवरात्रि के दौरान महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जयपुर पुलिस की कालिका पेट्रोलिंग यूनिट ने विद्याधर नगर स्टेडियम में गरबा उत्सव के दौरान हंगामा करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, युवक पर युवतियों और महिलाओं का पीछा करने तथा अश्लील टिप्पणियां करने का आरोप है। समझाइश के दौरान वह पुलिसकर्मियों से भी उलझ गया। उसे भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा के तहत गिरफ्तार किया गया।

पुलिस उपायुक्त अनुष्ठा कालिया ने बताया कि पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल और अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर प्रदीप मोहन शर्मा के निर्देशन में नवरात्र के दौरान गरबा और डांडिया स्थलों, पार्किंग क्षेत्रों तथा निकास द्वारों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की टीमें नीली वर्दी के साथ सादे कपड़ों में भी निगरानी कर रही हैं।

इसी क्रम में विद्याधर नगर स्टेडियम में आयोजित गरबा कार्यक्रम में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की लक्ष्मी, शर्मिला, अनीता, राकेश और रचना सादे कपड़ों में तैनात थीं। ड्यूटी के दौरान टीम ने देखा कि एक युवक महिला पंडाल के पास युवतियों और महिलाओं का पीछा करते हुए अनुचित टिप्पणियां कर रहा था।

जिस पर टीम ने युवक के पास पहुंचकर अपना परिचय दिया और उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह उग्र हो गया और जोर-जोर से चिल्लाकर हंगामा करने लगा। इसके बाद आपातकालीन सेवा वाहन 112 की मदद से उसे थाने पहुंचाया गया। थाने में भी उसने ड्यूटी अधिकारी के सामने धमकीपूर्ण व्यवहार किया। श्वास विश्लेषक यंत्र से जांच में उसके अत्यधिक शराब सेवन की पुष्टि होने के बाद ड्यूटी अधिकारी के आदेश पर विजय स्वामी (18) निवासी भट्टा बस्ती जयपुर को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस उपायुक्त अनुष्ठा कालिया के नेतृत्व में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट गरबा स्थलों पर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक कर रही है। महिला पीसीआर वैन 1090, चेतक और आपातकालीन सेवा 112 के समन्वय से सुरक्षा व्यवस्था संभाली जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here