फैक्ट्री से 500 किलो लोहे की प्लेटें चुराने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

0
35

जयपुर। खोराबीसल थाना पुलिस ने सरना डूंगर स्थित रीको औद्योगिक क्षेत्र की जांगिड़ इंजीनियरिंग वर्क्स फैक्ट्री में हुई चोरी का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 500 किलो वजनी लोहे की प्लेटें और वारदात में प्रयुक्त लोडिंग टेम्पो जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने बंद फैक्ट्री का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।

पुलिस उपायुक्त प्रशांत किरण ने बताया कि मुरलीपुरा निवासी सुरेश शर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 4 अक्टूबर की रात सरना डूंगर स्थित फैक्ट्री से लोहे की भारी प्लेटें चोरी हो गईं। बदमाश लोडिंग टेम्पो में आए थे और प्लेटें लेकर फरार हो गए। इस पर खोराबीसल थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

वहीं वारदात के खुलासे के लिए थानाधिकारी सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तथा संदिग्ध टेम्पो का रूट चार्ट तैयार किया। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वारदात में इस्तेमाल किया गया टेम्पो रीको औद्योगिक क्षेत्र में घूम रहा है।

पुलिस ने टेम्पो रुकवाकर उसमें सवार दोनों युवकों से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने शौक-मौज और नशे की लत पूरी करने के लिए वारदात करने की बात कही।

पुलिस ने सत्येन्द्र सिंह जादौन (26 निवासी मुरैना मध्यप्रदेश हाल निवासी मुरलीपुरा और गणेश कुमावत (22) निवासी सीकर रोड मुरलीपुरा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, सत्येन्द्र के खिलाफ मुरलीपुरा थाने में चोरी के दो मामले पहले से दर्ज हैं, जबकि गणेश के खिलाफ आर्म्स एक्ट और आबकारी अधिनियम के प्रकरण दर्ज हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 500 किलो लोहे की प्लेटें बरामद कर ली हैं। वारदात में प्रयुक्त लोडिंग टेम्पो भी जब्त किया गया है। पुलिस पूछताछ में और भी कई वारदाते खुलने की आशंका जताई जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here