नई दिल्ली। राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से सोमवार शाम जारी अधिसूचना के अनुसार छह राज्यों में नए राज्यपालों की नियुक्ति की गई है। भाजपा के वरिष्ठ नेता ओम प्रकाश माथुर को केरल का राज्यपाल बनाया गया है। वहीं, केरल के राज्यपाल रहे राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को तमिलनाडु की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा ब्रज मोहन राम को ओडिशा, डॉ. सुधा यादव को कर्नाटक, डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड और दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
माथुर इससे पहले सिक्किम के राज्यपाल थे। नई नियुक्तियों के तहत दुष्यंत गौतम को सिक्किम भेजा गया है। इन बदलावों के साथ छह राज्यों में राज्यपालों की जिम्मेदारियों में फेरबदल किया गया है।
ब्रज मोहन राम ओडिशा के राज्यपाल
झारखंड के पलामू जिले के वरिष्ठ भाजपा नेता ब्रज मोहन राम को ओडिशा का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वे 1996 से 2004 तक पलामू लोकसभा क्षेत्र से सांसद रहे। झारखंड के गठन से पहले वे 1991 से 1995 तक बिहार विधानसभा के सदस्य भी रह चुके हैं।
डॉ. सुधा यादव को कर्नाटक की जिम्मेदारी
हरियाणा के रेवाड़ी की रहने वाली डॉ. सुधा यादव को कर्नाटक का राज्यपाल बनाया गया है। उन्होंने आईआईटी रुड़की से रसायन विज्ञान में पीएचडी की है। शिक्षाविद् के रूप में पहचान रखने वाली सुधा यादव ने 1999 में राजनीति में प्रवेश किया और सांसद बनीं। वे राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की सदस्य भी रह चुकी हैं।
डॉ. ढाल सिंह बिसेन उत्तराखंड के राज्यपाल
मध्य प्रदेश के वरिष्ठ नेता डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। पेशे से चिकित्सक बिसेन बालाघाट से लोकसभा सांसद रह चुके हैं। वे मध्य प्रदेश विधानसभा के कई बार सदस्य रहे और राज्य सरकार में कैबिनेट मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।
दुष्यंत गौतम को सिक्किम भेजा
भाजपा के वरिष्ठ नेता दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाया गया है। वे भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव रह चुके हैं। इसके अलावा वे राज्यसभा सांसद और उत्तराखंड भाजपा के प्रभारी के रूप में भी काम कर चुके हैं।



















