जयपुर। रामनगरिया थाना क्षेत्र स्थित केंद्रीय विहार सोसायटी में दिनदहाड़े चोरी की वारदात सामने आई है। लग्जरी कार से आए दो बदमाश सोसायटी की सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर एक फ्लैट में घुसे और ताला तोड़कर करीब चार लाख रुपए कीमत के गहने और पांच हजार रुपए नकद चुरा ले गए। दोनों बदमाश करीब दो घंटे तक सोसायटी में रहे। उनकी करतूत सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।
हेड कांस्टेबल मोहर सिंह ने बताया कि सोसायटी के ब्लॉक-9 में रहने वाले विशाल कुमार ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। परिवादी और उनकी पत्नी एक आईटी कंपनी में नौकरी करते हैं। दोनों 12 अक्टूबर की सुबह फ्लैट पर ताला लगाकर काम पर चले गए थे। इसी दौरान बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। शाम को दंपती घर लौटे तो फ्लैट का ताला टूटा मिला। अंदर कमरों में सामान बिखरा हुआ था। जांच करने पर अलमारी के लॉकर में रखे करीब चार लाख रुपए के गहने और पांच हजार रुपए नकद गायब मिले। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सोसायटी के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर दो संदिग्ध नजर आए। फुटेज के अनुसार, दोनों दोपहर करीब 12 बजे सोसायटी में दाखिल हुए और कुछ देर भूतल पर घूमते रहे। इसके बाद लिफ्ट से फ्लैट तक पहुंचे। करीब दो बजे दोनों सोसायटी से बाहर निकले और लग्जरी कार में बैठकर फरार हो गए।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस सोसायटी में लगे कैमरों की फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने और उनकी तलाश में जुटी है। दिनदहाड़े सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर हुई इस वारदात ने सोसायटी की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।



















