जयपुर। सांगानेर सदर थाना पुलिस ने सीतापुरा औद्योगिक क्षेत्र की एक फैक्ट्री में गेट और ताले तोड़कर करीब 10 लाख रुपए का पीतल और लोहे का स्क्रैप चोरी करने के मामले में दो आरोपियों और चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 475 किलो स्क्रैप और 3 लाख 48 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं। पुलिस आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
पुलिस उपायुक्त दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि फैक्ट्री मैनेजर अशोक मंडोलिया ने 7 सितंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 6 सितंबर की रात बदमाश फैक्ट्री का गेट और ताले तोड़कर अंदर घुसे। इसके बाद गेट पर लोडिंग गाड़ी लगाकर पीतल और लोहे के स्क्रैप से भरे कट्टे उसमें लादकर फरार हो गए। चोरी हुए माल की कीमत करीब 10 लाख रुपए बताई गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
वहीं इस वारदात के खुलासे के लिए सांगानेर सदर थानाधिकारी कमलेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी संसाधनों की मदद से आरोपियों का पता लगाया। जांच के दौरान आरोपियों की लोकेशन सवाई माधोपुर में मिली।
पुलिस ने कार्रवाई कर रामराज मीणा (34) निवासी अलीगढ़ जिला टोंक हाल सांगानेर सदर, राहुल मीणा उर्फ गोलू (21) निवासी सुरवाल जिला सवाई माधोपुर हाल सांगानेर सदर और कबाडी शोकिन खान (36) निवासी नगर जिला डीग हाल शिवदासपुरा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस बरामद माल और नकदी के संबंध में जांच कर रही है।


















