चार दिन की छुट्टियों में जयपुर के परकोटे और आमेर में बदलेगा यातायात

0
56

जयपुर। त्योहारी और पर्यटन सीजन के बीच 17 से 20 अक्टूबर तक लगातार चार दिन के अवकाश को देखते हुए जयपुर यातायात पुलिस ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों, धार्मिक स्थलों, बाजारों और विशेष रूप से चारदीवारी व आमेर क्षेत्र में वाहनों का दबाव बढ़ने की संभावना है। ऐसे में यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए जरूरत के अनुसार मार्ग परिवर्तन किया जाएगा।

परकोटे में बड़ी पर्यटक बसों की नो एंट्री

डीसीपी ट्रैफिक प्रवीण नायक नुनावत के अनुसार चारदीवारी क्षेत्र में बड़ी पर्यटक बसों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इन बसों के लिए रामनिवास बाग स्थित पार्किंग में व्यवस्था की गई है। परकोटे में माल ढोने वाले वाहनों का संचालन रात 11 बजे से सुबह 7 बजे तक ही हो सकेगा। दिन में इन वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। मिनी बसों और सिटी बसों को जरूरत के अनुसार वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जाएगा।

यातायात पुलिस ने चारदीवारी के व्यापारियों से अपने वाहन रामनिवास बाग की जेडीए भूमिगत पार्किंग, चौगान स्टेडियम पार्किंग या आतिश मार्केट के निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़े करने की अपील की है।

दबाव बढ़ा तो इन रास्तों से होगा डायवर्जन

चारदीवारी क्षेत्र में यातायात का दबाव अधिक होने पर बड़ी चौपड़ से सुभाष चौक की ओर सामान्य यातायात सड़क के दोनों तरफ से संचालित किया जाएगा। सुभाष चौक से बड़ी चौपड़ की ओर आने वाले वाहनों को चार दरवाजा और घोड़ा निकास रोड से रामगंज चौपड़ की तरफ भेजा जाएगा। बांदरवाल गेट से आने वाले वाहन नगर परिषद की मोरी, सारदुल सिंह की नाल और गणगौरी बाजार की ओर जा सकेंगे। वहीं, गणगौरी बाजार से सारदुल सिंह की नाल होते हुए सिटी पैलेस की ओर यातायात की अनुमति नहीं होगी।

आमेर जाने वाले पर्यटकों के लिए बदलेगा रास्ता

आमेर क्षेत्र में भी यातायात का दबाव बढ़ने पर मार्ग परिवर्तन किया जाएगा। दिल्ली रोड से आमेर किले जाने वाले पर्यटक आमेर तिराहा से धोबीघाट चौराहा, रामगढ़ मोड़ और आमेर रोड होते हुए पहुंच सकेंगे। रामगढ़ मोड़ से आमेर की ओर सामान्य यातायात जारी रहेगा। जयगढ़ टी-पॉइंट से रामगढ़ मोड़ की तरफ यातायात बंद रहेगा और वाहनों को आमेर की ओर भेजा जाएगा। इसी तरह आमेर से रामगढ़ मोड़ की तरफ वाहनों का संचालन बंद रहेगा। आमेर तिराहा से आमेर गांधी चौक की ओर भी सामान्य यातायात नहीं जा सकेगा।

आमेर से जयपुर शहर आने वाले वाहन आमेर तिराहा, दिल्ली रोड, गलता गेट चौराहा और ट्रांसपोर्ट नगर चौराहा होते हुए शहर में प्रवेश कर सकेंगे।

परियों का बाग में अस्थायी पार्किंग

आमेर आने वाले पर्यटकों की सुविधा के लिए पुरातत्व विभाग की ओर से ‘परियों का बाग’ में अस्थायी पार्किंग संचालित की जा रही है। यातायात पुलिस ने आमजन और पर्यटकों से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें, ताकि अवकाश के दौरान आवागमन सुगम बना रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here