कश्मीरी से राजस्थानी लोकनृत्यों तक दिखी भारतीय संस्कृति की विविधता

0
77
The diversity of Indian culture was on display, ranging from Kashmiri to Rajasthani folk dances.
The diversity of Indian culture was on display, ranging from Kashmiri to Rajasthani folk dances.

जयपुर। आदर्श नगर स्थित एस.वी. पब्लिक स्कूल का वार्षिकोत्सव रविवार, 18 अक्टूबर 2026 को उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। समारोह की थीम ‘कलर्स ऑफ इंडिया’ रही। इसके तहत विद्यार्थियों ने नृत्य, गीत और देशभक्ति की प्रस्तुतियों के माध्यम से देश के विभिन्न राज्यों की संस्कृति, लोककला और परंपराओं को मंच पर साकार किया। रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।

समारोह के मुख्य अतिथि जयपुर नगर निगम के महापौर सुनील कोठारी रहे। विद्यालय के एनसीसी कैडेट्स और पाइप बैंड ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर उनका स्वागत किया। इसके बाद अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सेंट मीरा ब्रदरहुड सोसायटी के अध्यक्ष कमल वासवानी, सोसायटी एवं मीरा गर्ल्स कॉलेज के सचिव डॉ. वाशदेव थावानी, सोसायटी के वित्त सचिव एवं साधु वासवानी उच्च माध्यमिक विद्यालय के सचिव रमेश गुरसहानी, संयुक्त सचिव अशोक देवानी तथा विद्यालय की प्राचार्या अल्पा मालविया ने मुख्य अतिथि का अभिनंदन किया।

स्वागत उद्बोधन में कमल वासवानी ने विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने, निरंतर परिश्रम करने और संवेदनशील नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यालय की वार्षिक पत्रिका ‘माइलस्टोन-2026’ का विमोचन किया गया। शैक्षणिक और सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि और प्रबंधन समिति के सदस्यों ने प्रमाण-पत्र, पदक और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।

मुख्य अतिथि सुनील कोठारी ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय की ओर से किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने बच्चों को अनुशासन और लगन के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। प्राचार्या अल्पा मालविया ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत कर विद्यालय की वर्षभर की प्रमुख गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी दी।

सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना से हुई। इसके बाद गीत और स्वागत नृत्य की प्रस्तुतियां दी गईं। विद्यार्थियों ने कश्मीरी, सिंधी, शास्त्रीय, गुजराती गरबा, बंगाली, राजस्थानी घूमर और पंजाबी नृत्यों के माध्यम से भारत की सांस्कृतिक विविधता को जीवंत किया। देशभक्ति से ओतप्रोत ‘चक दे इंडिया’ की प्रस्तुति ने दर्शकों में जोश भर दिया। कार्यक्रम का समापन भव्य ग्रैंड फिनाले के साथ हुआ। अंत में उप-प्राचार्या मीतू टिक्कू ने अतिथियों, अभिभावकों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह में विद्यार्थियों की प्रतिभा, भारतीय संस्कृति की विविधता और विद्यालय की उपलब्धियों का सुंदर संगम देखने को मिला।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here