जयपुर। त्योहार सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग की ओर से चलाए जा रहे अभियान के तहत जयपुर के बिंदायका स्थित HDD Food Private Limited का निरीक्षण किया गया। इस दौरान प्रतिष्ठान में स्वच्छता, भंडारण और तापमान नियंत्रण से जुड़ी गंभीर खामियां सामने आईं।
आयुक्त अविचल चतुर्वेदी और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत के निर्देशन में की गई जांच के दौरान मैदा व अन्य कच्चा माल फर्श पर रखा मिला। सोया चाप और मोमोज के कंटेनर अस्वच्छ थे तथा खाद्य पदार्थ खुले रखे मिले। परिसर में मक्खियां और कीड़े पाए गए, जबकि कुछ खाद्य उत्पादों एवं पैकेटों पर फफूंद दिखाई दी। आलू पराठा सहित कुछ खाद्य पदार्थ भी निर्धारित तापमान के बजाय सामान्य तापमान पर रखे मिले।
पैकेजिंग पर अलग पता और एफएसएसएआई नंबर
निरीक्षण में फ्रोजन सोया चाप की पैकेजिंग पर ग्लोबल कमोडिटीज, वसंत कुंज, नई दिल्ली का पता और अलग एफएसएसएआई नंबर अंकित मिला, जबकि संबंधित प्रतिष्ठान का लाइसेंस बिंदायका, जयपुर के नाम से है। विभाग इस अंतर के संबंध में निर्माण, री-पैकिंग और आपूर्ति शृंखला से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रहा है।
खाद्य कारोबार संचालक को साफ-सफाई, प्रभावी कीट नियंत्रण, खाद्य पदार्थों का सुरक्षित भंडारण, निर्धारित तापमान बनाए रखने और खराब व फफूंदयुक्त उत्पादों को अलग करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग आवश्यकतानुसार खाद्य नमूने प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजेगा। जांच निष्कर्षों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने खाद्य कारोबारियों से खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने और उपभोक्ताओं से खरीदारी के समय पैकेजिंग, निर्माण एवं समाप्ति तिथि तथा उत्पाद की गुणवत्ता जांचने की अपील की है।
















