जयपुर। श्याम नगर थाना क्षेत्र में सम्मोहित कर महिला से सोने के गहने लूटने का मामला सामने आया है। जॉब पर जाने के लिए घर से निकली 60 वर्षीय महिला को तीन बदमाशों ने परिवार पर संकट आने और बड़े बेटे की मौत होने का डर दिखाया। इसके बाद उसे अपनी बातों में उलझाकर कथित तौर पर सम्मोहित किया और पहने हुए सोने के गहने उतरवा लिए। बदमाश मंगलसूत्र, कानों की बालियां और अंगूठी लेकर फरार हो गए। पीड़िता ने मंगलवार शाम श्याम नगर थाने में मामला दर्ज करवाया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
जांच अधिकारी एएसआई गोपाल चंद के अनुसार, पीड़िता करणी विहार के हीरानगर-ए क्षेत्र की रहने वाली है। वह रोजाना की तरह सुबह करीब सात बजे नौकरी पर जाने के लिए घर से निकली थी। 200 फीट चौराहे पर बस स्टैंड पर खड़ी होकर बस का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान मोबाइल पर बात करता हुआ एक युवक उसके पास आया और परिवार पर संकट आने की बात कहने लगा।
महिला ने हैरानी जताते हुए उससे पूछताछ की तो युवक परिवार से जुड़ी जानकारियां बताने लगा। उसकी ओर से दी गई जानकारियां सही होने पर महिला को उस पर भरोसा हो गया। इसके बाद युवक बातों में उलझाकर उसे बस स्टैंड से कुछ दूरी पर ले गया, जहां उसके दो साथी पहले से मौजूद थे।
आरोप है कि तीनों बदमाशों ने महिला को परिवार पर बड़ा संकट आने और उसके बड़े बेटे की मौत होने की आशंका बताई। संकट का समाधान करने की बात कहकर उन्होंने महिला को अपने प्रभाव में ले लिया। इसके बाद एक बदमाश ने उसके हाथ पर पत्ता रखकर उस पर पहने हुए गहने रखने को कहा।
बदमाशों की बातों में आकर महिला ने अपना सोने का मंगलसूत्र, कानों की बालियां और अंगूठी उतारकर पत्ते पर रख दी। कुछ ही देर बाद उसकी आंखें बंद हो गईं और बदमाश गहने लेकर फरार हो गए। करीब पांच मिनट बाद जब महिला को होश आया तो उसके गहने गायब थे।
घटना के बाद महिला बेहोश होकर सड़क पर गिर गई। राहगीरों ने उसे संभाला, जिसके बाद कुछ देर में उसे होश आया। घर पहुंचकर उसने परिजनों को पूरी घटना बताई। इसके बाद मंगलवार शाम श्याम नगर थाने पहुंचकर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई।
पुलिस वारदात स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।

















