जयपुर। जौहरी बाजार स्थित सांगानेरी गेट के पास ऐतिहासिक पूर्व मुखी हनुमान मंदिर में शारदीय नवरात्रि के समापन पर विशेष धार्मिक अनुष्ठान हुए। इस दौरान हवन, पूर्णाहुति, आरती और नवरात्रोद्यापन के बाद बालाजी महाराज की मनमोहक फूल बंगला झांकी सजाई गई। झांकी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी।
मंदिर के महंत पंडित मुकेश गौड़ और युवाचार्य हर्ष शर्मा ने बताया कि नवरात्रि समापन पर मंदिर प्रांगण में विधि-विधान से हवन, पूर्णाहुति और आरती की गई। इसके बाद पूर्व मुखी हनुमान जी का भव्य श्रृंगार कर फूलों से आकर्षक झांकी सजाई गई।
महंत पंडित मुकेश गौड़ ने मंदिर की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और परंपराओं की जानकारी देते हुए बताया कि उनका परिवार पिछले चार पीढ़ियों से निरंतर बालाजी महाराज की सेवा और पूजा-अर्चना करता आ रहा है। मंदिर में परंपरागत रूप से सभी धार्मिक अनुष्ठान और विशेष पर्वों पर भव्य आयोजन किए जाते हैं। परिवार की ओर से इस पावन परंपरा को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है।

















