जयपुर। जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) की पीडब्ल्यूसी की 11वीं बैठक गुरुवार को विकास आयुक्त सिद्धार्थ महाजन की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सड़क विकास, यातायात सुगमता, सुरक्षा और आधारभूत सुविधाओं से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर निर्णय लिए गए।
गोपालपुरा अंडरपास (त्रिवेणी आरओबी से भास्कर पुलिया तक) निर्माण के लिए 47.87 करोड़ रुपए, सिविल लाइंस आरओबी के नीचे स्पोर्ट्स एरिना विकसित करने के लिए 4.25 करोड़ और गांधीपथ पर फुटपाथ निर्माण के लिए 6.94 करोड़ रुपए की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति दी गई।
कालवाड़ रोड पर सी-जोन बाईपास से विनायक होटल तक सड़क चौड़ीकरण एवं सुधार के लिए 42.39 करोड़ रुपए, 200 फीट बाईपास से खातीपुरा आरओबी होते हुए खिरणी आरओबी तक सड़क नवीनीकरण के लिए 6.83 करोड़ तथा प्रिंस रोड पर नाला निर्माण, सड़क चौड़ीकरण और नवीनीकरण के लिए 6.14 करोड़ रुपए के प्रस्ताव भी शामिल रहे।
बैठक में विक्रमादित्य मार्ग, मानसरोवर में विकास कार्यों के लिए 8.42 करोड़ रुपए तथा जोन-9 की प्रमुख सड़कों पर सड़क सुरक्षा सुविधाओं के विकास के लिए करीब 3.56 करोड़ रुपए के प्रस्तावों पर विचार किया गया।
इसके अलावा विद्युत लाइनों और ट्रांसफॉर्मरों की शिफ्टिंग के लिए 6.64 करोड़ रुपए तथा गोनेर-जगतपुरा पुलिया से खातीपुरा रेलवे स्टेशन और एनआरआई सर्किल से वीआईटी रोड-दांतली रोड तक सड़क चौड़ीकरण में बाधक विद्युत केबल, स्ट्रीट लाइट और ट्रांसफॉर्मर हटाने के लिए 10.68 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई।
जेडीए भवन की अग्निशमन एवं अग्नि चेतावनी प्रणाली के नवीनीकरण के लिए भी 2.92 करोड़ रुपए मंजूर किए गए। बैठक में जेडीए सचिव डॉ. गौरव सैनी, निदेशक योजना मृणाल जोशी, निदेशक वित्त सुरेश वर्मा और निदेशक अभियांत्रिकी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

















