जयपुर। बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों को साइबर अपराधों से सुरक्षित रखने तथा आमजन में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जयपुर में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। आसरा फाउंडेशन जयपुर और बाल कल्याण समिति के संयुक्त तत्वावधान में हुए कार्यक्रम में संबंधित पक्षों को साइबर अपराधों की पहचान और उनसे बचाव के उपाय बताए गए।
कार्यक्रम पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल के मार्गदर्शन, विशेष पुलिस आयुक्त ओम प्रकाश के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर (अपराध) डॉ. रामेश्वर सिंह की निगरानी में आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण में पुलिस आयुक्तालय जयपुर के सहायक पुलिस आयुक्त साइबर हेमराज मुंड ने विशेष रूप से भाग लिया। उन्होंने बच्चों के मोबाइल फोन और सामाजिक माध्यमों के उपयोग को लेकर सतर्कता बरतने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर विशेष ध्यान देना चाहिए, ताकि वे साइबर अपराधों और ऑनलाइन धोखाधड़ी से सुरक्षित रह सकें।
कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों और बच्चों को साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों, उनसे बचाव और सतर्कता के उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही उपस्थित सभी संबंधित पक्षों को जागरूक कर साइबर सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

















