नशा तस्करी के काले धन से खरीदी 15 लाख की संपत्ति पुलिस ने की फ्रीज

0
56

जयपुर। अजमेर जिले में अरांई थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के आरोपी दिनेश रेबारी की करीब 15 लाख रुपए की अवैध संपत्ति फ्रीज करवाई है। कार्रवाई के तहत तस्करी के कथित काले धन से खरीदी गई वेन्यू कार और आबादी भूमि के प्लॉट को फ्रीज करने के आदेश जारी किए गए हैं।

अजमेर पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर एनडीपीएस एक्ट के तहत चालानशुदा आरोपियों की अवैध संपत्तियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में दिनेश रेबारी (28) निवासी छोटालाम्बा थाना अरांई के खिलाफ पुलिस की ओर से एनडीपीएस एक्ट के दो मामलों में न्यायालय में चालान पेश किया जा चुका है। दोनों मामले विचाराधीन हैं। आरोपी वर्तमान में अरांई थाने में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में फरार है और उसकी तलाश जारी है।

जांच के दौरान पुलिस ने तस्करी से अर्जित धन से खरीदे गए वाहन और जमीन से संबंधित दस्तावेज जुटाए। इसके बाद 25 सितंबर 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 68(एफ)(2) के तहत संपत्ति फ्रीज करने का प्रस्ताव ई-कोर्ट पोर्टल के माध्यम से सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक, दिल्ली के समक्ष पेश किया गया। प्राधिकारी ने संपत्तियां फ्रीज करने के आदेश जारी किए।

फ्रीज की गई संपत्तियों में करीब 8.70 लाख रुपए कीमत की वेन्यू कार और ग्राम छोटालाम्बा में करीब 5.73 लाख रुपए कीमत का आबादी भूमि का प्लॉट शामिल है। दोनों संपत्तियों की कुल अनुमानित कीमत 14.43 लाख रुपए है। पुलिस के अनुसार आरोपी की ओर से बचाव में दस्तावेज और तथ्य प्रस्तुत किए गए, जिन पर पुलिस ने जवाब देकर प्रभावी पैरवी की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here