गोविंद देवजी मंदिर में शरद पूर्णिमा महोत्सव मे चंद्र गायत्री महामंत्र से दी आहुतियां

0
45

जयपुर। शरद पूर्णिमा पर रविवार को ठिकाना मंदिर श्री गोविंद देवजी में गायत्री परिवार के तत्वावधान में शरद पूर्णिमा महोत्सव एवं निशुल्क चंद्र गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया गया। महंत अंजन कुमार गोस्वामी के सान्निध्य में आयोजित यज्ञ में करीब चार सौ श्रद्धालुओं ने गायत्री महामंत्र से आहुतियां अर्पित कर सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।

देव आह्वान एवं षोडशोपचार पूजन के बाद पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ प्रारंभ हुआ। गायत्री शक्तिपीठ ब्रह्मपुरी की टोली ने विधि-विधान से यज्ञ संपन्न कराया। आचार्य पीठ से विशंभर दयाल, भक्त भूषण एवं नीलम ने मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ की प्रक्रिया पूर्ण कराई।

श्रद्धालुओं ने ‘ऊं क्षीरपुत्राय विद्महे अमृततत्त्वाय धीमहि तन्नो चन्द्र: प्रचोदयात्’ चंद्र गायत्री महामंत्र का उच्चारण करते हुए देसी नस्ल की गाय के दूध से बनी खीर से आहुतियां दीं। यज्ञ में पलाश के वृक्ष की समिधा का भी उपयोग किया गया।

चंद्र गायत्री महामंत्र के माध्यम से चंद्रदेव की उपासना करते हुए श्रद्धालुओं ने मानसिक शांति, भावनात्मक संतुलन और सकारात्मक विचारों की कामना की। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार चंद्र उपासना से मन की चंचलता, क्रोध और भावनात्मक उतार-चढ़ाव को नियंत्रित करने की प्रेरणा मिलती है।

यज्ञ में सभी श्रद्धालुओं को निशुल्क शामिल होने का अवसर दिया गया। किसी को भी यज्ञ सामग्री लाने की आवश्यकता नहीं थी। इस अवसर पर पुस्तक मेले का आयोजन भी किया गया, जिसमें श्रेष्ठ साहित्य लागत मूल्य पर उपलब्ध कराया गया।

सप्ताह में जन्मदिन एवं विवाह दिवस वाले श्रद्धालुओं ने भारतीय संस्कृति के अनुरूप यज्ञ के माध्यम से संस्कार मनाए। उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ विशेष आहुतियां अर्पित की गईं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here