जयपुर। भारतीय वायुसेना के 94वें स्थापना दिवस के अवसर पर वाराणसी के नमो घाट पर आयोजित ‘विंग्स ओवर गेंजेस’ हवाई प्रदर्शन का रविवार को जयपुर में जलमहल की पाल पर सीधा प्रसारण किया गया। इसमें राफेल, तेजस, सुखोई-30 एमकेआई, सी-130 और सूर्य किरण एरोबेटिक टीम सहित विभिन्न विमानों के हवाई प्रदर्शन को आमजन ने देखा।
जिला प्रशासन और एयरफोर्स स्टेशन जयपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य वायुसेना की क्षमताओं और राष्ट्र की सुरक्षा में उसकी भूमिका के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। इस दौरान वायुसेना की प्रचार स्टॉल पर बच्चों और युवाओं को भर्ती प्रक्रिया, पात्रता और करियर के अवसरों की जानकारी दी गई।
साथ ही पोस्टर, चित्र पुस्तिकाएं और पर्चे वितरित किए गए। कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलेक्टर उत्तर राजेंद्र सिंह सहित वायुसेना के कार्मिक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

















