जयपुर। समाज सेवा, जनकल्याण, युवा सशक्तीकरण और नागरिक सुरक्षा के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय जयपुर के वरिष्ठ समाजसेवी रवि शंकर धाभाई को ‘समाज रत्न सम्मान–2026’ से नवाजा गया। राजस्थान जन मंच ट्रस्ट एवं पक्षी चिकित्सालय परमार्थ एवं आध्यात्मिक समिति के सहयोग से आयोजित समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम राजस्थान चैम्बर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज स्थित स्वर्गीय भैरों सिंह शेखावत स्मृति सभागार में हुआ। इसमें विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियों और समाजसेवियों ने भाग लिया।
धाभाई को समाज सेवा, राष्ट्र निर्माण, जनहित और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति उनके दीर्घकालीन समर्पण के लिए सम्मानित किया गया। उनका चार दशकों से अधिक का सामाजिक सफर युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने, नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जनकल्याण के कार्यों में भागीदारी को प्रोत्साहित करने से जुड़ा रहा है।
रवि शंकर धाभाई को वर्ष 1984 में तत्कालीन राष्ट्रपति ज्ञानी जैल सिंह से प्रेसिडेंट स्काउट अवॉर्ड तथा वर्ष 1989 में तत्कालीन राष्ट्रपति आर. वेंकटरमन से प्रेसिडेंट रोवर स्काउट अवॉर्ड मिला। इसके अलावा उन्हें भारत सरकार के राष्ट्रीय युवा पुरस्कार और सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में भी सम्मान प्राप्त हुए हैं।
वर्ष 1992 में समाज सेवा एवं स्काउटिंग में योगदान के लिए उन्हें सम्मानित किया गया। वर्ष 1997 में जयपुर समारोह समिति के माध्यम से तत्कालीन मुख्यमंत्री भैरों सिंह शेखावत ने उन्हें नागरिक सुरक्षा के क्षेत्र में सम्मान प्रदान किया। विभिन्न संस्थाओं ने भी समय-समय पर उनके कार्यों को सराहा है।
समारोह का संचालन संस्था के महासचिव कमल लोचन ने किया, जबकि अध्यक्षता आर. के. अग्रवाल ने की। इस अवसर पर अध्यक्ष चंद प्रकाश राणा, पूर्व न्यायाधीश एन. के. जैन, डॉ. केशव कुमार शर्मा, उपाध्यक्ष प्रमोद चोरड़िया और श्याम विजय सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

















