जयपुर। आगामी पंचायत चुनाव के मद्देनजर जयपुर कमिश्नरेट की दक्षिण जिला पुलिस ने विशेष एरिया डोमिनेशन अभियान चलाकर 84 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान अवैध शराब, मादक पदार्थ, चोरी के वाहन और जुआ-सट्टे से जुड़े मामलों में कार्रवाई की गई। पुलिस ने 12 नए प्रकरण दर्ज किए।
डीसीपी राजर्षि राज ने बताया कि पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर एडीसीपी (दक्षिण) ललित शर्मा के सुपरविजन में सहायक पुलिस आयुक्तों, थानाधिकारियों, जिला विशेष टीम (डीएसटी) और साइबर सेल की टीमों ने कार्रवाई की। गिरफ्तार 84 आरोपियों में 41 वांछित आरोपी शामिल हैं, जबकि 43 लोगों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 के तहत शांति भंग की आशंका में कार्रवाई की गई। वहीं दर्ज 12 प्रकरणों में आबकारी अधिनियम के छह, एनडीपीएस एक्ट का एक और अन्य अधिनियमों के तहत पांच मामले शामिल हैं।
आबकारी अधिनियम के तहत ज्योतिनगर, पत्रकार कॉलोनी, शिप्रापथ, मानसरोवर, नारायण विहार और सांगानेर सदर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल 189 लीटर अवैध हथकड़ शराब और 127 पव्वे बरामद किए। इस मामले में रेखा देवी, चिंटू सांसी, रवि आर्य निवासी शिवपुरी (मध्यप्रदेश), रवि सांसी निवासी धौलपुर और कौशल सांसी को गिरफ्तार किया गया।
वहीं चाकसू थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट और भारतीय न्याय संहिता के तहत कार्रवाई करते हुए अगामी सांसी को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 60 ग्राम स्मैक बरामद की गई।
इसके अलावा चाकसू थाना पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे पांच हजार रुपए के इनामी मांगीलाल बैरवा को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में खयानत से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज था।
सोडाला थाना पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल के साथ तनवीर खान को गिरफ्तार किया। एक अन्य मामले में नीरज खंडेलवाल को भी गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि उसने पिता की दुकान को उनकी जानकारी के बिना किराए पर देकर 24 हजार रुपए हड़प लिए।
सार्वजनिक स्थानों पर जुआ-सट्टा खेलने वालों के खिलाफ अशोकनगर और शिप्रापथ थाना पुलिस ने कार्रवाई की। इस दौरान इंतियाज, अयूब, इरफान, कमलराय और कन्हैयालाल को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने सट्टे की राशि जब्त कर संबंधित मामले दर्ज किए।
पंचायत चुनाव के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए श्यामनगर थाना पुलिस ने आदतन अपराधियों नरेश सिंह राजावत, रवि रंजन, जयप्रकाश वर्मा और ललित जांगिड़ के खिलाफ के तहत निवारक कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार अभियान का उद्देश्य चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाना है।
फोटो
जयपुर पुलिस की पहल: भट्टा बस्ती से शास्त्री नगर तक निकाली नशा मुक्ति रैली
जयपुर। राजस्थान पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत उत्तर जिले में जन जागरण रैली निकाली गई। रैली भट्टा बस्ती से शुरू होकर विभिन्न कॉलोनियों और कच्ची बस्तियों से होते हुए शास्त्री नगर थाना क्षेत्र स्थित चंद्रशेखर की बगीची पहुंची। इस दौरान नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आमजन और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।
पुलिस उपायुक्त (उत्तर) करण शर्मा के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (उत्तर-द्वितीय) बजरंग सिंह के निर्देशन में आयोजित रैली में सहायक पुलिस आयुक्त (शास्त्रीनगर) दिलीप कुमार, भट्टाबस्ती थानाधिकारी सुरेंद्र कुमार, विद्याधर नगर थानाधिकारी सज्जन कुमार और शास्त्रीनगर थानाधिकारी दिलीप सिंह सहित पुलिस अधिकारी एवं जवान शामिल हुए।
पुलिस उपायुक्त (उत्तर) करण शर्मा ने बताया कि रैली में स्थानीय पार्षदों, सुरक्षा सखियों, पुलिस मित्रों, सीएलजी सदस्यों और बड़ी संख्या में आमजन ने भाग लिया। चंद्रशेखर की बगीची में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में ‘होनहार संस्था’ के कलाकारों ने नशा मुक्ति पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। इसके माध्यम से बताया गया कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने के साथ उसके परिवार और समाज को भी प्रभावित करती है।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त बजरंग सिंह ने युवाओं और आमजन से नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज को नशामुक्त बनाने के लिए जनभागीदारी आवश्यक है। इस कार्यक्रम के अंत में ‘नशे को कहें ना, जिंदगी को कहें हां’ का संदेश देते हुए नागरिकों से नशामुक्त जयपुर के निर्माण में सहयोग करने का आह्वान किया गया।
फोटो
क्यूआर कोड स्कैन करते ही मिलेगी बीट पुलिस से डीसीपी तक की जानकारी
जयपुर। आमजन और पुलिस के बीच समन्वय मजबूत करने के लिए जयपुर पुलिस ने ‘अपनी बीट पुलिस को जानें’ पहल शुरू की है। इसके तहत जागरूकता बोर्ड पर लगे क्यूआर कोड को स्कैन करते ही नागरिक अपने क्षेत्र के बीट अधिकारी से लेकर डीसीपी स्तर तक के अधिकारियों के नाम और संपर्क नंबर प्राप्त कर सकेंगे। योजना की शुरुआत मानसरोवर थाना क्षेत्र से की गई है।
पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने गुरुवार को क्यूआर कोड आधारित बीट जागरूकता बोर्ड का लोकार्पण किया। उन्होंने बताया कि प्रत्येक बीट के लिए अलग क्यूआर कोड निर्धारित किया गया है। पहले चरण में मानसरोवर में बोर्ड लगाए जा रहे हैं। इसके बाद इन्हें जयपुर कमिश्नरेट के सभी थाना क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से लगाया जाएगा। प्रत्येक बीट में सात से दस प्रमुख स्थानों पर बोर्ड लगाने की योजना है।
क्यूआर कोड स्कैन करने पर संबंधित बीट का विवरण, पुलिस थाने का पता, गूगल लोकेशन और बीट अधिकारी का नाम व संपर्क नंबर उपलब्ध होगा। इसके साथ ही थाना प्रभारी (एसएचओ), सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी), अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त और पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) स्तर के अधिकारियों की जानकारी भी मिलेगी।
इस पहल की खासियत यह है कि पुलिस अधिकारियों के तबादले या पदस्थापन में बदलाव होने पर भी क्यूआर कोड स्कैन करने से नई पदस्थापना के अनुसार अद्यतन नाम और मोबाइल नंबर दिखाई देंगे। इससे नागरिकों को पुरानी जानकारी के कारण होने वाली परेशानी से राहत मिलेगी और वे अपनी शिकायत या समस्या के लिए संबंधित अधिकारी से सीधे संपर्क कर सकेंगे।
लोकार्पण कार्यक्रम में विशेष पुलिस आयुक्त ओमप्रकाश, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त डॉ. अजय सिंह, प्रदीप मोहन शर्मा, डॉ. रामेश्वर सिंह, डीसीपी क्राइम योगेश गोयल, डीसीपी दक्षिण राजर्षि राज और डीसीपी मुख्यालय अनुष्ठा कालिया सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

















