12 लाख में डमी अभ्यर्थी से दिलवाई परीक्षा: एसओजी ने कनिष्ठ सहायक को पकड़ा

0
38

जयपुर। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की शारीरिक शिक्षक भर्ती परीक्षा-2022 में डमी अभ्यर्थी बैठाकर परीक्षा पास कराने और फर्जी डिग्री के जरिए चयन हासिल करने के मामले में स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (एसओजी) ने जसवंतपुरा उपखंड कार्यालय में पदस्थ कनिष्ठ सहायक वीरमा राम विश्नोई को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने दूसरे अभ्यर्थी की जगह परीक्षा देने के बदले 12 लाख रुपए नकद लिए थे। आरोपी लंबे समय से कार्यालय से अनुपस्थित चल रहा था।

एसओजी के अतिरिक्त महानिदेशक विशाल बंसल ने बताया कि राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने 25 दिसंबर 2022 को शारीरिक शिक्षक भर्ती परीक्षा आयोजित की थी। इसमें जालोर जिले के सांचौर क्षेत्र के धानता निवासी भारमल राम पुत्र नरिंगा राम ने आवेदन किया था। जांच में सामने आया कि भारमल राम ने अपनी जगह दूसरे व्यक्ति को डमी अभ्यर्थी बनाकर परीक्षा में बैठाया और फर्जी डिग्री प्रस्तुत कर चयन हासिल कर लिया। इस संबंध में एसओजी थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

जांच के दौरान मुख्य अभ्यर्थी भारमल राम ने बताया कि उसकी जगह परीक्षा देने वाला व्यक्ति वीरमा राम विश्नोई पुत्र वाला राम था। 45 वर्षीय वीरमा राम सांचौर का निवासी है। उसने न्यायालय में समर्पण किया, जिसके बाद एसओजी ने उसे गिरफ्तार कर पुलिस अभिरक्षा में लिया।

जांच में सामने आया कि वीरमा राम वर्तमान में जालोर जिले के जसवंतपुरा उपखंड कार्यालय में कनिष्ठ सहायक के पद पर पदस्थापित है। उसने भारमल राम की जगह परीक्षा देने के एवज में 12 लाख रुपए नकद प्राप्त किए थे।

एसओजी के अनुसार जांच में यह भी सामने आया कि वीरमा राम के खिलाफ वर्ष 2004 में उच्च माध्यमिक परीक्षा में डमी अभ्यर्थी के रूप में बैठने का मामला दर्ज हुआ था। इस संबंध में जालोर जिले के भीनमाल थाने में प्रकरण दर्ज किया गया था और न्यायालय में चालान पेश किया जा चुका है।

जांच में यह भी सामने आया कि भारमल राम ने चयन प्रक्रिया के दौरान श्री सत्य साईं विश्वविद्यालय, सीहोर की बैकडेट में जारी कथित फर्जी डिग्री का इस्तेमाल किया था। इस प्रकरण में एसओजी विश्वविद्यालय से जुड़े लोगों के खिलाफ पहले ही कार्रवाई कर चुकी है। मामले में कुलूरु सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। एसओजी भर्ती परीक्षा में फर्जीवाड़े से जुड़े पूरे मामले की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here