होटल के कमरे में मिला युवक का शव: नशे की ओवरडोज से मौत की आशंका

0
50

जयपुर। दिल्ली रोड पर आमेर-कुंडा स्थित होटल मून महल में एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक एक युवती के साथ होटल के कमरे में ठहरा हुआ था। कमरे में युवक को मृत देखकर युवती ने आमेर थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस प्रथमदृष्टया नशे की ओवरडोज से मौत होने की आशंका जता रही है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

आमेर थानाधिकारी राजेंद्र गोदारा ने बताया कि नांगल सुसावतान निवासी रवि मीणा (34) होटल में युवती के साथ ठहरा हुआ था। युवती ने कमरे में रवि को बेड पर मृत अवस्था में देखा। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो रवि की नाक से खून निकल रहा था। पुलिस ने एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए आमेर सैटेलाइट अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।

थानाधिकारी राजेंद्र गोदारा ने बताया कि रवि चोरी के आरोप में जेल में बंद था और हाल ही में जेल से छूटकर आया था। पुलिस की जांच में सामने आया कि होटल में पहले युवती के साथ एक अन्य युवक ने कमरा किराए पर लिया था। जो गुरुवार को वहां से चला गया। इसके बाद रवि होटल पहुंचा था।

पुलिस के अनुसार रात में रवि और युवती ने नशा किया था। इसके बाद युवती सो गई, जबकि रवि की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस को आशंका है कि नशे की अधिक मात्रा लेने से उसकी जान गई। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here