सड़क सुरक्षा के नियमों से विद्यार्थियों को किया जागरूक

0
43

जयपुर। सड़क सुरक्षा के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने और यातायात नियमों के पालन की महत्ता समझाने के उद्देश्य से पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय नंबर-2, आर्मी मुख्यालय, झोटवाड़ा में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में प्रादेशिक परिवहन कार्यालय (आरटीओ) जयपुर द्वितीय, विद्याधर नगर के परिवहन निरीक्षक दिनेश सिंह ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। इस दौरान सड़क सुरक्षा संस्था कम्युनिटी फॉर सेफर रोड्स की प्रतिनिधि निशा बग्गा और विद्यालय के प्राचार्य प्रदीप कुमार टेलर भी उपस्थित रहे।

विद्यार्थियों को सड़क संकेतों, सड़क चिह्नों, हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, पैदल यात्रियों की सुरक्षा तथा सुरक्षित सड़क व्यवहार के बारे में बताया गया। दिनेश सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल यातायात नियमों का पालन करने तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारी भी है। थोड़ी-सी सावधानी और अनुशासित व्यवहार बहुमूल्य जीवन बचा सकता है।

उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। विद्यालय प्रशासन और आयोजकों ने इस पहल को विद्यार्थियों में सड़क सुरक्षा की समझ विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here