जयपुर में सजा एवीजीसी-एक्सआर का मंच: पांच हजार से अधिक क्रिएटर्स और नीति निर्माता जुटे

0
54

जयपुर। एनिमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग, कॉमिक्स और एक्सटेंडेड रियलिटी के क्षेत्र में राजस्थान को नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी) में 28 अक्टूबर को राजस्थान एवीजीसी-एक्सआर समिट (आरएएस-2026) का आयोजन हुआ। राइजिंग एवीजीसी-एक्सआर एंड मीडिया एसोसिएशन (रामा राजस्थान) और सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग की ओर से अंतरराष्ट्रीय एनिमेशन दिवस के अवसर पर आयोजित समिट की थीम ‘वीविंग द ऑरेंज इकोनॉमी’ रही। इसमें 5 हजार से अधिक क्रिएटर्स, उद्योग विशेषज्ञों और नीति निर्माताओं ने भाग लिया।

समिट का प्रमुख आकर्षण क्रिएटिव इकोनॉमी के क्षेत्र में 35 वर्षों के योगदान के लिए आशीष कुलकर्णी को दिया गया पहला ‘रामा लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड’ रहा। आयोजन में रचनात्मक उद्योग से जुड़ी कई प्रमुख हस्तियों को भी सम्मानित किया गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को कुल एक लाख रुपए के पुरस्कार प्रदान किए गए।

समिट में तीन नई पहल शुरू की गईं। इनमें करीब एक हजार साल पुरानी राजस्थानी कठपुतली कला को एनिमेशन के माध्यम से नई पहचान देने वाली परियोजना ‘कठपुतली : टॉयज एंड टेल्स ऑफ इंडिया’ प्रमुख रही। इसके साथ ही ‘शिफ्ट फेस्टिवल’ और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित फिल्म निर्माण मंच ‘कट.स्टेज’ भी लॉन्च किए गए। इन पहलों के माध्यम से पारंपरिक कला, आधुनिक तकनीक और रचनात्मक अभिव्यक्ति को जोड़ने का प्रयास किया गया।

समिट में फिल्म निर्माता वैभव कुमारेश, राज कॉमिक्स के संस्थापक संजय गुप्ता और लेखक दिव्य प्रकाश दुबे सहित रचनात्मक क्षेत्र की प्रमुख हस्तियों ने युवाओं से संवाद किया। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए एनिमेशन, फिल्म निर्माण, कॉमिक्स और कहानी लेखन के क्षेत्र में संभावनाओं पर चर्चा की।

आयोजन के समापन पर अगले संस्करण राजस्थान एवीजीसी-एक्सआर समिट-2027 की तारीखों की घोषणा की गई। अगला समिट 16 और 17 अक्टूबर 2027 को जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम में आयोजित होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here