जयपुर। आगामी 13 दिसंबर को आयोजित होने वाली ऑनर रन-2026 की तैयारियों के तहत आज जयपुर में प्रोमो रन-2 का आयोजन किया जाएगा। सुबह 5:30 से 7:30 बजे तक होने वाली इस दौड़ के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों की सुविधा और प्रतिभागियों की सुरक्षा को देखते हुए विशेष डायवर्जन व्यवस्था लागू की है।
प्रोमो रन सवाई मानसिंह स्टेडियम से शुरू होकर स्टेचू सर्किल और पांच बत्ती होते हुए वापस सवाई मानसिंह स्टेडियम पहुंचेगी। इस दौरान सवाई मानसिंह स्टेडियम से स्टेचू सर्किल होते हुए पांच बत्ती तक सामान्य यातायात पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
ट्रैफिक डीसीपी प्रवीण नायक नूनावत के अनुसार विधानसभा तिराहे से अंबेडकर सर्किल की ओर आने वाले वाहनों को पंकज सिंघवी मार्ग पर डायवर्ट किया जाएगा। 22 गोदाम से अंबेडकर सर्किल की तरफ आने वाले वाहन सहकार मार्ग और सरदार पटेल मार्ग से निकल सकेंगे। रामबाग चौराहे से अंबेडकर सर्किल की ओर आने वाले यातायात को टोंक रोड पर भेजा जाएगा।
इसी प्रकार पृथ्वीराज टी-पॉइंट से स्टेचू सर्किल की ओर आने वाले वाहनों को टोंक रोड तथा चौमूं हाउस चौराहे से आने वाले वाहनों को सरदार पटेल मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा। महावीर मार्ग, बगड़िया भवन (पृथ्वीराज रोड), सरोजनी मार्ग और लाजपत मार्ग से भगवान दास रोड की ओर वाहनों का आवागमन बंद रहेगा।
सिंधी कैंप से जाने वाली बसें गवर्नमेंट हॉस्टल चौराहा, एमआई रोड, सांगानेरी गेट, घाटगेट चौराहा और गुरुद्वारा मोड़ होकर संचालित होंगी। वहीं, आगरा और दिल्ली रोड से सिंधी कैंप आने वाली बसें गुरुद्वारा मोड़, घाटगेट, सांगानेरी गेट, रामनिवास बाग चौराहा, जीटीसी मॉल स्लिप लेन, टोंक रोड, अशोका मार्ग और गवर्नमेंट हॉस्टल चौराहे से होकर सिंधी कैंप पहुंचेंगी।
यातायात पुलिस ने बताया कि आपातकालीन और आवश्यक सेवाओं के वाहनों का आवागमन निर्बाध रहेगा। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सुबह 5:30 से 7:30 बजे तक प्रभावित मार्गों से बचें और आवागमन के लिए वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करें।

















