दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा टीम ने लिए 8 नमूने

0
40

जयपुर। दीपावली पर खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए चलाए जा रहे ‘शुद्ध आहार-मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा टीम ने फुलेरा में विभिन्न प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई कर खाद्य पदार्थों के 8 नमूने लिए। इनमें मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, मावा मिठाई, मिल्क केक, घी, मिश्री मावा और मावा बर्फी शामिल हैं। नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

सीएमएचओ जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि अतिरिक्त मुख्य सचिव गायत्री राठौड़ और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त अविचल चतुर्वेदी के निर्देश पर दीपावली के मद्देनजर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में फुलेरा में खाद्य सुरक्षा टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।

टीम ने नॉर्थन स्पाइसेज से मिर्च पाउडर और धनिया पाउडर, बालाजी स्थित गोपाल डेयरी से मावा मिठाई, इंद्रा बाजार स्थित श्री बालाजी मिष्ठान भंडार से मिल्क केक, विनायक किराना स्टोर से नोवा ब्रांड घी, गणगौरी बाजार स्थित लक्ष्य टेलीकॉम से डेयरी फ्रेश ब्रांड घी, बालाजी बस स्टैंड स्थित जोधपुर मिष्ठान भंडार से मिल्क केक, गांधी चौक स्थित पूरण मिष्ठान भंडार से मिश्री मावा और गणगौरी बाजार स्थित हनुमान मिष्ठान भंडार से मावा बर्फी का नमूना लिया।

खाद्य सुरक्षा टीम ने प्रतिष्ठान संचालकों को मिठाइयां तैयार करने में अच्छी गुणवत्ता का मावा इस्तेमाल करने और खाद्य रंगों का सीमित मात्रा में उपयोग करने के निर्देश दिए। साथ ही खराब या दूषित मिठाइयां नहीं बेचने, खाद्य पदार्थों को ढककर रखने और खाद्य लाइसेंस दुकान पर प्रदर्शित करने के लिए कहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here