जयपुर। दौलतपुरा थाना क्षेत्र के चोंप गांव में सास-बहू के बीच विवाद के बाद एक बुजुर्ग महिला के कुएं में गिरने का मामला सामने आया है। मंगलवार सुबह सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से महिला को करीब 50 फीट गहरे सूखे कुएं से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
दौलतपुरा थानाधिकारी महेंद्र सिंह यादव ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 9 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को चोंप गांव की अहीरों की ढाणी में एक महिला के कुएं में गिरने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस की पीसीआर वैन करीब दस मिनट में मौके पर पहुंच गई। घटनास्थल पर पता चला कि महिला घर से करीब 200 मीटर दूर स्थित बिना मुंडेर के सूखे कुएं में गिरी हुई है।
पुलिस की महिला कांस्टेबल राज किरण और चालक सिपाही तेजपाल ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया। तेजपाल कुएं में उतरे और खाट की मदद से महिला को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सोमवार रात घर पर सास और बहू के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद बुजुर्ग महिला घर से चली गई। परिजन रातभर उसकी तलाश करते रहे। मंगलवार सुबह महिला के कुएं में गिरने की जानकारी मिलने पर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से बचाव कार्य पूरा कर महिला की जान बचाई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

















