घर में चल रहा था जुए का अड्डा: पुलिस ने किए चार जुआरी गिरफ्तार

0
47

जयपुर। दीपावली के मद्देनजर जुआ-सट्टा और संगठित अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गलतागेट थाना पुलिस ने लुहार बस्ती में एक मकान पर दबिश देकर चार जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 1 लाख 4 हजार 400 रुपए की दांव पर लगी राशि और ताश के 52 पत्ते बरामद किए हैं।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर उत्तर) करण शर्मा ने बताया कि त्योहार के दौरान जुआ-सट्टा और संगठित अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए सभी थानाधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में गलतागेट थानाधिकारी धर्मेंद्र कुमार शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस को सूचना मिली थी कि लुहार बस्ती स्थित एक मकान में कुछ लोग संगठित रूप से ताश के पत्तों पर रुपए दांव पर लगाकर जुआ खेल रहे हैं। इस पर पुलिस टीम ने 2 नवंबर को गैस गोदाम, लुहार बस्ती में दबिश दी और मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने अनिल लुहार उर्फ बल्लू (27), योगेश लुहार (32), मोहम्मद उस्मान (35) और दयाल लुहार (24) को गिरफ्तार किया है। अनिल, योगेश और दयाल गणेशपुरी कच्ची बस्ती, गलतागेट के निवासी हैं, जबकि मोहम्मद उस्मान करीम कॉलोनी, ईदगाह के सामने का रहने वाला है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here