दिवाली खुशियों वाली’ में चमकेगा जयपुर: छह श्रेणियों में होगी सजावट की होड़

0
27
Jaipur to shine during ‘Diwali of Happiness’
Jaipur to shine during ‘Diwali of Happiness’

जयपुर। गुलाबी नगरी की दीपावली को स्वच्छ, सुरक्षित और आकर्षक बनाने के लिए नगर निगम की ओर से ‘दिवाली खुशियों वाली–विशेष आयोजन 2026’ किया जा रहा है। 31 अक्टूबर से 11 नवंबर तक चलने वाले इस 12 दिवसीय आयोजन में ड्रोन शो, आतिशबाजी, सफाई अभियान और विभिन्न श्रेणियों में सजावट प्रतियोगिताएं होंगी। वार्ड स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शीर्ष 10 वार्डों को कुल 1.80 करोड़ रुपए के अतिरिक्त विकास कार्यों की सौगात मिलेगी।

महापौर सुनील कोठारी ने मंगलवार को नगर निगम मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में आयोजन की घोषणा की। इस दौरान उपमहापौर सरोज कंवर और आयुक्त ओम कसेरा भी मौजूद रहे। महापौर ने कहा कि गुलाबी नगरी की दीपावली को स्वच्छ, सुरक्षित और सुंदर बनाना निगम का संकल्प है। यह आयोजन केवल नगर निगम का नहीं, बल्कि पूरे शहर का उत्सव है। इसमें प्रत्येक नागरिक, व्यापारी और संस्थान की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने शहरवासियों से वेबसाइट jaipurdiwali.com पर अधिक से अधिक प्रविष्टियां भेजने की अपील की। सभी श्रेणियों के विजेताओं को महापौर सम्मानित करेंगे।

उपमहापौर सरोज कंवर ने सभी 150 वार्डों के पार्षदों से प्रतियोगिता में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। आयुक्त ओम कसेरा ने बताया कि आयोजन के तहत सफाई, सुरक्षा और ऑनलाइन प्रविष्टियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

ड्रोन शो और आतिशबाजी से रोशन होगा आसमान

आयोजन के तहत पांच प्रमुख कार्यक्रम होंगे। 31 अक्टूबर को सभी 150 वार्डों में ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप 2.0’ के तहत सफाई अभियान चलाया गया। 13 जोन में एक साथ मुख्य बाजारों, सड़कों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई की गई।

5 नवंबर को ‘सफाई सेवा मैराथन 2.0’ आयोजित होगी। इसमें सफाई कर्मचारी, पार्षद और नागरिक मिलकर श्रमदान करेंगे। उत्कृष्ट वार्डों को प्रतियोगिता के तहत पुरस्कृत किया जाएगा।

7 नवंबर को रात 9 बजे विधानसभा के ऊपर ड्रोन शो होगा। इसमें रोशनी से दीये, आकृतियां और संदेश प्रदर्शित किए जाएंगे। वहीं, 8 नवंबर को रात 9:30 बजे विधानसभा क्षेत्र में आतिशबाजी होगी। इसके अलावा दीपावली पर गलियों, हवेलियों और स्मारकों को मिट्टी के दीयों, रंगोली, फूलों, गेंदे के तोरण और कंदील से सजाने की योजना है।

सात प्रतियोगिताएं, वार्डों को 51 लाख तक के विकास कार्य

4 से 11 नवंबर तक सात प्रतियोगिताएं होंगी। वार्ड स्तरीय प्रतियोगिता में प्रत्येक वार्ड अपनी 50 सर्वश्रेष्ठ तस्वीरें भेज सकेगा। इनमें स्वच्छता अभियान, नवाचार और विशेष पहल को दर्शाना होगा। विजेता वार्डों को अतिरिक्त विकास कार्यों के लिए राशि दी जाएगी। प्रथम स्थान पर 51 लाख, द्वितीय पर 31 लाख और तृतीय पर 21 लाख रुपए के कार्य स्वीकृत होंगे। चौथे से दसवें स्थान तक के सात वार्डों को 11-11 लाख रुपए के अतिरिक्त विकास कार्य मिलेंगे।

सजावट प्रतियोगिताओं में छह श्रेणियां रखी गई हैं। आवासीय पारंपरिक सजावट में रंगोली, मांडना, गोबर कला और पुष्प सज्जा को शामिल किया गया है। इसके विजेताओं को इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन, एलईडी टीवी और स्मार्टफोन पुरस्कार में दिए जाएंगे। आवासीय आधुनिक सजावट श्रेणी में रोशनी, एलईडी और तकनीकी सजावट के लिए भी यही पुरस्कार रखे गए हैं।

व्यावसायिक प्रतिष्ठान श्रेणी में दुकानें, शोरूम, मॉल, सुपरमार्केट, होटल, रिसॉर्ट, कार्यालय और औद्योगिक प्रतिष्ठान शामिल होंगे। संस्थागत श्रेणी में विद्यालय, महाविद्यालय, सरकारी एवं अर्द्धसरकारी कार्यालय, सार्वजनिक उपक्रम, अस्पताल, चिकित्सा संस्थान, बैंक, गैर सरकारी संगठन और धार्मिक स्थल भाग ले सकेंगे। वहीं, बाजार सजावट की दो श्रेणियों में परकोटा क्षेत्र के विरासत बाजारों और अन्य बाजारों को शामिल किया गया है। इन चार श्रेणियों के विजेताओं को प्रशंसा स्मृति चिह्न और प्रमाण-पत्र दिए जाएंगे।

ऑनलाइन पोर्टल पर 11 नवंबर तक कर सकेंगे आवेदन

प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए 6 से 11 नवंबर तक केवल jaipurdiwali.com पर ऑनलाइन प्रविष्टियां स्वीकार की जाएंगी। इसके लिए मोबाइल नंबर से पंजीकरण कर श्रेणी चुननी होगी। इसके बाद पोर्टल के कैमरे से मौके पर तस्वीर लेकर अपलोड करनी होगी। निर्णायक मंडल निर्धारित मापदंडों के आधार पर मूल्यांकन करेगा और विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। एआई से बनाई गई या संपादित तस्वीरें मान्य नहीं होंगी। 11 नवंबर के बाद कोई प्रविष्टि स्वीकार नहीं की जाएगी।

मीडिया प्रतिनिधियों से किया स्नेह मिलन

प्रेस वार्ता के बाद नगर निगम परिसर में दीपावली स्नेह मिलन समारोह आयोजित किया गया। इसमें महापौर सुनील कोठारी, उपमहापौर सरोज कंवर और आयुक्त ओम कसेरा ने मीडिया प्रतिनिधियों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here