जयपुर। मुहाना रोड स्थित फिल्टर प्लांट के सामने बुधवार शाम कबाड़ के ढेर में अचानक भीषण आग लग गई। आग की ऊंची लपटें उठने से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटनास्थल के ठीक ऊपर से हाईटेंशन बिजली लाइन गुजर रही थी। ऐसे में आग की लपटें तारों तक पहुंचने से बड़े हादसे की आशंका बन गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एहतियात के तौर पर पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति बंद करवाई। दमकल के पहुंचने का इंतजार किए बिना पुलिस और स्थानीय लोगों ने आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए। इसके लिए 8 से 10 पानी के टैंकर मौके पर बुलवाए गए।
घटना के करीब 20 मिनट बाद दमकल की तीन गाड़ियां भी पहुंच गईं। पुलिस, स्थानीय लोगों और दमकलकर्मियों ने संयुक्त रूप से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।
थानाधिकारी हिम्मत सिंह के अनुसार, समय रहते बिजली आपूर्ति बंद करवाने और त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि या किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

















