डेढ़ साल से फरार 5 हजार रुपए का इनामी तस्कर गिरफ्तार

0
22

जयपुर। मालवीय नगर थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में करीब डेढ़ साल से फरार चल रहे 5 हजार रुपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी रामजीलाल चौधरी नाइजीरियाई नागरिकों को कोकीन तस्करी के लिए वाहन उपलब्ध करवाता था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उसके अन्य साथियों और तस्करी नेटवर्क के संबंध में पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस उपायुक्त पूर्व रंजीता शर्मा ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मालवीय नगर थानाधिकारी गौरव प्रधान के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने तकनीकी संसाधनों और परंपरागत सूचना तंत्र की मदद से फरार इनामी आरोपी रामजीलाल चौधरी निवासी मानसरोवर जयपुर को गिरफ्तार किया।

दो विदेशी नागरिकों से बरामद हुई थी कोकीन

मालवीय नगर थानाधिकारी गौरव प्रधान के अनुसार 9 नवंबर 2025 की मध्यरात्रि को जयपुर पूर्व की डीएसटी टीम से मिली सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने मॉडल टाउन स्थित बीएसएनएल कॉलोनी के पास घेराबंदी की थी। इस दौरान पुलिस को देखकर भागने की फिराक में खड़े दो संदिग्ध विदेशी नागरिकों को पकड़ा गया।

जिनकी तलाशी लेने पर नाइजीरिया निवासी ऑस्टिन इजुचुकवु के पैंट की दाईं जेब से पारदर्शी पाउच में 7.71 ग्राम कोकीन बरामद हुई, जिसका शुद्ध वजन 6.91 ग्राम था। वहीं दूसरे आरोपी पीटर ओवु डिडली के पैंट की बाईं जेब से 7.33 ग्राम कोकीन मिली, जिसका शुद्ध वजन 6.53 ग्राम था।

दोनों आरोपी जयपुर के शिवदासपुरा स्थित स्वर्णलोक अपार्टमेंट में रह रहे थे। पुलिस ने मामले में इस्तेमाल की गई स्कूटी भी जब्त की थी। पुलिस ने दोनों विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। उनसे पूछताछ और जब्त स्कूटी के मालिक के संबंध में जानकारी जुटाने पर रामजीलाल चौधरी का नाम सामने आया। जांच में सामने आया कि आरोपी नाइजीरियाई नागरिकों के संपर्क में रहकर उन्हें मादक पदार्थों की तस्करी के लिए वाहन उपलब्ध करवाता था। इसके बाद से वह अपने ठिकाने से फरार चल रहा था।

इधर आरोपित रामजीलाल चौधरी की गिरफ्तारी पर पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व कार्यालय की ओर से 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। मालवीय नगर थाना पुलिस की विशेष टीम ने तकनीकी संसाधनों और मुखबिर तंत्र की सहायता से उसकी तलाश कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी विभिन्न थानों में आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इनमें चंदेरिया (चित्तौड़गढ़) में वर्ष 2022 का मामला, शिवदासपुरा में वर्ष 2013 का धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र का मामला, मानसरोवर में वर्ष 2012 का मारपीट और रास्ता रोकने का मामला तथा दौसा के नांगल राजावतान में धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र का मामला शामिल है। चंदेरिया में वर्ष 2012 का एक अन्य प्रकरण भी दर्ज है। इन मामलों में चालान पेश किया जा चुका है।

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से उसके अन्य साथियों, तस्करी नेटवर्क और जयपुर में पूर्व में हुई अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here